1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रणब मुखर्जी के निधन पर एल के आडवाणी ने इस तरह किया याद, साझा किए साथ बिताए पल

प्रणब मुखर्जी के निधन पर एल के आडवाणी ने इस तरह किया याद, साझा किए साथ बिताए पल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 31, 2020 08:31 pm IST,  Updated : Aug 31, 2020 08:31 pm IST

अपने शोक संदेश में लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा है कि लंबे समय तक मेरे करीबी और सहयोगी रहे प्रणब मुखर्जी के निधन से मुझे गहरा शोक हुआ है। 

Lal Krishna Advani Pranab Mukherjee condolence message- India TV Hindi
Lal Krishna Advani Pranab Mukherjee condolence message Image Source : PTI FILE PHOTO

नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न प्रणब मुखर्जी के निधन पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने भी दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा है कि लंबे समय तक मेरे करीबी और सहयोगी रहे प्रणब मुखर्जी के निधन से मुझे गहरा शोक हुआ है। हम में से कई नेता उन्हें स्नेह से प्रणब दा कहकर संबोधित करते थे। लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि मैं 1970 में संसद सदस्य बना, जबकि प्रणब दा 1969 में संसद सदस्य बने।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि हम अलग-अलग विचारधाराओं वाले थे लेकिन मुलाकात के पहले दिन से हमारे बीच एक परस्पर सम्मान का बंधन बन गया, वे अपनी तीव्र बुद्धि के लिए जाने जाते थे। बातचीत की अहमियत को प्रणब मुखर्जी अच्छे से समझते थे, हर राजनेता उनका सम्मान करता था। उनका अपना व्यक्तित्व और सामाजिक जीवन से जुड़ा उनका अनुभव उनको एक ऐसा राजनेता बनाते थे जिसे हर राजनीतिक विचारधारा में सम्मान मिलता था।

बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति को 10 अगस्त को दिल्ली में आर्मी के आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां आज शाम उनका निधन हो गया। उनके बेटे अभिजीत मुखर्जी ने ट्वीट किया, 'भारी मन से आपको सूचित करना है कि मेरे पिता श्री प्रणब मुखर्जी का अभी कुछ समय पहले निधन हो गया। आरआर अस्पताल के डॉक्टरों के सर्वोत्तम प्रयासों और पूरे भारत के लोगों की प्रार्थनाओं और दुआओं के लिए मैं आप सभी को हाथ जोड़कर धन्यवाद देता हूं।'

पूर्व राष्ट्रपति मुखर्जी को दिल्ली छावनी स्थित अस्पताल में गत 10 अगस्त को भर्ती कराया गया था और उसी दिन उनके मस्तिष्क में जमे खून के थक्के को हटाने के लिए उनकी सर्जरी की गई थी। वे 2012 से 2017 तक देश के 13वें राष्ट्रपति थे।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत