नई दिल्ली: ललित-गेट प्रकरण की आंच भाजपा के बाद अब कांग्रेस तक जा पहुंची है। आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने हाल ही में ट्वीट कर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मोदी ने अपने ट्वीट के जरिए लंदन में राबर्ट वाड्रा और प्रियंका वाड्रा से मुलाकात का जिक्र किया है। ललित मोदी के इस ट्वीट बम के बाद कांग्रेस और भाजपा आमने सामने आ गए हैं। जहां एक ओर कांग्रेस कह रही है कि रेस्त्रां में किसी से मुलाकात कोई गुनाह नहीं होता वहीं भाजपा इस पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।
ललित मोदी ने ट्वीट में क्या लिखा-
“मैं एक बार अचानक रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका से लंदन के एक रेस्त्रां में अलग-अलग मिल चुका हूं, जहां वे टिम्मी सारना के साथ थे। उनके पास मेरा नंबर था। वे मुझे फोन कर सकते हैं। कोई डील नहीं होगी, लेकिन उन्हें बताऊंगा कि मुझे परेशान करने के लिए क्या किया जा रहा है। मुझे अच्छी तरह याद है कि पिछले साल और उससे एक साल पहले जब यूपीए की सरकार थी उस वक्त मेरी उनसे मुलाकात हुई थी।”
दिग्विजय सिंह की सफाई-
इस मसले पर दिग्विजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा है कि प्रियंका वाड्रा और राबर्ट वाड्रा सरकार का अंग नहीं थे। उन्होंने कोई सिफारिशी खत भी नहीं लिखा था। दिग्विजय सिंह ने कहा कि रेस्ट्रां में अचानक किसी से मुलाकात हो जाने से कोई दोषी नहीं हो जाता।