1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया

सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 23, 2021 10:53 pm IST,  Updated : Jan 23, 2021 10:53 pm IST

चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को शनिवार रात रांची के एक अस्पताल में इलाज कराने के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। 

Lalu Yadav Admitted To Delhi AIIMS After Health Worsens latest update news- India TV Hindi
Lalu Yadav Admitted To Delhi AIIMS After Health Worsens latest update news Image Source : PTI

नयी दिल्ली/रांची। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को शनिवार रात रांची के एक अस्पताल में इलाज कराने के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को सांस लेने में तकलीफ के चलते दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया है। लालू यादव को एयर एंबुलेंस के जरिए रांची एम्स से दिल्ली लाया गया है। इस दौरान उनके साथ बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री व उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।

दिल्ली में एक अधिकारी ने बताया, ''उन्हें एम्स के कार्डियोथोरेसिक सेंटर की कोरोनरी केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती किया गया है।'' चारा घोटाला मामलों में जेल की सजा काट रहे लालू प्रसाद (71) का झारखंड की राजधानी रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में विभिन्न रोगों का इलाज चल रहा था।

रिम्स के निदेशक डॉक्टर कमलेश्वर प्रसाद ने इससे पहले कहा था, ''लालू प्रसाद को बीते दो दिन से सांस लेने में तकलीफ हो रही है। शुक्रवार को उन्हें निमोनिया से पीड़ित पाया गया। उनकी आयु को ध्यान में रखते हुए हमने उन्हें डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिये दिल्ली के एम्स अस्पताल में भेजने का फैसला किया है।'' 

गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव फेंफड़ों में संक्रमण और किडनी से जुड़ी समस्याओं से लंबे समय से परेशान हैं और गुरुवार रात से ही उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी। जिसके बाद उनको डॉक्टरों की निगरानी में रिम्स रांची में रखा गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत