1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अब भारत-पाक सीमा पर ‘लेजर दीवारें’ रोकेगी घुसपैठ

अब भारत-पाक सीमा पर ‘लेजर दीवारें’ रोकेगी घुसपैठ

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 28, 2016 08:09 am IST,  Updated : Apr 28, 2016 08:09 am IST

पंजाब में भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी अब ‘लेजर दीवारों’ के जरिए की जाएगी। सुरक्षा प्रणाली को कड़ा करने के तहत यह कदम उठाया गया है।

border- India TV Hindi
border

नई दिल्ली: पंजाब में भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी अब ‘लेजर दीवारों’ के जरिए की जाएगी। सुरक्षा प्रणाली को कड़ा करने के तहत यह कदम उठाया गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सूत्रों के मुताबिक पंजाब में आईबी पर नदी पट्टी के संवेदनशील क्षेत्र में 8 इन्फ्रा रेड व लेजर सिस्टम को लगा दिया गया है जबकि चार अन्य जगह भी जल्द ही इसे शुरू कर दिया जाएगा। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात पर सीमा की सुरक्षा करने वाली बीएसएफ ही इस लेजर सिस्टम के जरिए निगरानी रखेगी।

अधिकारियों के मुताबिक जैसे ही इन दीवारों के आसपास किसी तरह की गतिविधि दिखेगी तो सिस्टम इसे पकड़ लेगा। अगर कोई इसे पार करने की कोशिश करेगा तो जोर से साइरन बजने लगेगा। सेंसर पर उपग्रह आधारित सिग्नल कमांड सिस्टम के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इस सिस्टम की खासियत यह है कि रात के अंधेरे के अलावा कोहरे के दौरान भी यह निगरानी कर सकेगा।

इस संबंध में पीटीआई को प्राप्त योजना के ब्लूप्रिंट के मुताबिक, करीब दो साल पहले बीएसएफ ने पंजाब की नदी पट्टी वाले उस क्षेत्र में लेजर दीवारें लगाने का फैसला लिया था, जहां कंटीले तार लगाना संभव नहीं है। मगर ये क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील हैं। पंजाब व जम्मू में आईबी पर करीब 45 जगहों पर इस तरह की लेजर दीवारें खड़ी की जाएंगी।

गृह मंत्रालय द्वारा स्वीकृत योजना के तहत इनके अलावा जम्मू व गुजरात में भी अतंरराष्ट्रीय सीमा के 30-40 किलोमीटर लंबे हिस्से में और पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश सीमा पर भी ऐसे चार अन्य पायलट प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। वहीं बीएसएफ अधिकारी के मुताबिक आने वाले छह महीनों में इस योजना पर काम पूरा हो जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत