हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है। जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से अनभिज्ञ न रह जाएं।
इंटरनेट, ट्विटर, फेसबुक पर हम देश और दुनिया की तमाम ब्रेकिंग न्यूज देखते हैं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरों और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। इंडिया टीवी डिजिटल हर जरूरी खबर को कवर करता है और यह सुनिश्चित करता है कि उसके पाठकों से कोई भी जरूरी जानकारी छूट न जाए।
Latest News Updates and Breaking News of January 02:
05:35 PM: बैंक ऑफ बड़ौदा में देना बैंक और विजया बैंक का होगा विलय, कैबिनट ने मंजूरी दी
04:47 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1984 दंगों के दोषी सज्जन कुमार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले पीड़ितों से मुलाकात की। उनके साथ केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी मौजूद रहीं।
04:38 PM: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लोकसभा में बताया, 'दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग से कुल 23 भारतीय पासपोर्ट नहीं मिल रहे हैं इसके दुरूपयोग की आशंका को देखते हुए इसे खोया हुआ घोषित किया गया है और कहा गया है कि जब ये लोग दोबारा पासपोर्ट इशू करवाएं तो विशेष सावधानी बरती जाएं।'
03:36 PM: पीएम को हमें यह बताने की जरूरत नहीं कि मामला कोर्ट में है। अगर हम यही चाहते हैं, तो आंदोलन की आवश्यकता क्या थी? कारसेवकों का शहीद होना, मुंबई में बम विस्फोट, दंगे। यह सब राम मंदिर के नाम पर नरसंहार था, इसका जिम्मेदार कौन है? आपने इसी मुद्दे पर सरकार बनाई, यह मत भूलिए: राम मंदिर पर पीएम मोदी के बयान पर बोले शिवसेना नेता संजय राउत
03:30 PM: कांग्रेस द्वारा जारी ऑडियो टेप पर गोवा के मंत्री विश्वजीत राणे ने मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को पत्र लिखकर कहा कि यह ऑडियो टेप फर्जी है।
03:25 PM: राजस्थानः पोखरण में राजस्थान के मंत्री सालेह मोहम्मद ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
01:41 PM: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहजिले नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने व्यवसायी व राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता इंदल पासवान की गोली मार कर हत्या कर दी।
01:23 PM: राजस्थान की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश के उस बयान की निंदा की है जिसमें मंत्री ने कथित तौर पर कहा था 'हमारा प्रथम कार्य हमारी जाति के लिये, उसके बाद समाज के लिये और फिर सर्वसमाज के लिये है।' भाजपा ने कहा कि यह बयान उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।
01:04 PM: रूस में एक ऊंची इमारत में हुए विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
12:49 PM: पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी तथा अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने राफेल मुद्दे पर 14 दिसंबर को आए उच्चतम न्यायालय के फैसले पर पुनर्विचार के लिए बुधवार को शीर्ष अदालत में याचिका दायर की।
12:27 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पंजाब के गुरदासपुर शहर में एक रैली को संबोधित करेंगे जो लोकसभा चुनाव से पहले 100 रैलियां आयोजित करने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अभियान का हिस्सा है।
12:07 PM: कोलकाता में एक शख्स ने आत्महत्या करने के इरादे से मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगा दी जिससे मेट्रो सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित हो गईं। युवक को आर.जी.कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
11:44 AM: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के कुतुबशेर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात पॉलिटेक्निक के एक छात्र की अज्ञात वाहन के कुचलने से मौत हो गई। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले भावपुरा इलाके का निवासी शुभम पॉलिटेक्निक का छात्र था।
11:18 AM: कावेरी बांध के मुद्दे और आंध्र प्रदेश के लिए विशेष दर्जे की मांग को लेकर अन्नाद्रमुक एवं तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होने के करीब 15 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
10:54 AM: राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस से लेकर तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने से प्रदेशवासियों को कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत मिली है।
10:31 AM: बिहार सरकार ने नए साल के पहले दिन मंगलवार की देर रात भारतीय पुलिस सेवा (भापुसे) के 23 अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया। दरभंगा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गरिमा मलिक को पटना का नया एसएसपी बनाया गया है जबकि पटना के एसएसपी मनु महाराज को प्रोन्नति देते हुए मुंगेर प्रक्षेत्र का पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बनाया गया है।
09:57 AM: बिहार की राजधानी पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार मौसम साफ है तथा खिली हुई धूप निकली है। इस बीच, मंगलवार की तुलना में बुधवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गया का बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
09:35 AM: मैनचेस्टर रेलवे स्टेशन पर नए साल की पूर्व संध्या पर चाकू से तीन लोगों पर हमला करने वाले संदिग्ध को मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है।
09:14 AM: अमेरिकी सीमा गश्ती दलों ने अमेरिका-मेक्सिको सीमा बाड़ के जरिए अवैध रूप से कैलिफोर्निया में घुसने की कोशिश करने वाले करीब 150 मध्य अमेरिकी आव्रजकों पर आंसू गैस के गोले छोड़े।
08:41 AM: ब्यूनस आयर्स में नए साल की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रमों में शहरभर में लगभग 50 लोग घायल हो गए।
08:17 AM: वाहन दिग्गज मारुति सुजुकी इंडिया की कुल बिक्री में दिसंबर में 1.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
07:59 AM: अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का वादा करने वाले अतिदक्षिणपंथी नेता जेयर बोल्सोनारो ने ब्रासीलिया में कांग्रेस के समक्ष मंगलवार को ब्राजील के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
07:41 AM: इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले में एक आरोपी अधिकारी और सोहराबुद्दीन शेख मामले में हाल में आरोपमुक्त हुए एक अन्य पुलिसकर्मी सहित 6 IPS अधिकारियों को मंगलवार को गुजरात सरकार ने पदोन्नत किया।
07:16 AM: जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में मंगलवार की रात आतंकवादियों ने एक विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने पुलवामा के हंजन इलाके में एसपीओ समीर अहमद को उनके घर के पास गोली मार दी।
06:32 AM: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक अर्द्धसैनिक प्रशिक्षण शिविर पर आतंकवादियों के हमले में मंगलवार को 4 सैनिकों की मौत हो गई और 4 आतंकवादी भी मारे गए।
06:27 AM: पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को नियंत्रण रेखा पर बाघ सेक्टर में एक भारतीय जासूसी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। रक्षा प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा कि किसी जासूसी ड्रोन को भी नियंत्रण रेखा पार करने नहीं दिया जाएगा।