हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है। जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से अनभिज्ञ न रह जाएं।
इंटरनेट, ट्विटर, फेसबुक पर हम देश और दुनिया की तमाम ब्रेकिंग न्यूज देखते हैं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरों और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। इंडिया टीवी डिजिटल हर जरूरी खबर को कवर करता है और यह सुनिश्चित करता है कि उसके पाठकों से कोई भी जरूरी जानकारी छूट न जाए।
Latest News Updates and Breaking News of November 30:
01:32 PM:कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को पत्र लिखकर गोवा में मछलियों के आयात पर लगा प्रतिबंध हटाने के लिए कहा है।
01:14 PM:क्रेमलिन ने कहा कि जी 20 शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता रद्द करने का अमेरिका के राष्ट्रीय डोनाल्ड ट्रंप का फैसला अफसोसजनक है।
12:43 PM:गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने शुक्रवार को कहा कि बीमार चल रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की जगह किसी और को इस पद पर लाने का कोई सवाल ही नहीं है। पर्रिकर मंत्रिमंडल में सरदेसाई कृषि मंत्री हैं।
12:12 PM: हरियाणा के मानेसर में दो युवाओं का शव उनके किराए के घर से बरामद किया गया। इन दोनों की उम्र 21 से 23 साल के बीच है। शव अल सुबह गुरुग्राम जिले के इस औद्योगिक शहर से बरामद किए गए, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का हिस्सा है।
11:42 AM:यमन के हूती विद्रोहियों ने कहा कि वो अगले सप्ताह स्वीडन में संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित शांति वार्ता में हिस्सा लेने को तैयार हैं, बशर्ते उनके प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
11:16 AM: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रक के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
10:58 AM: कर्जमाफी और बेहतर MSP सहित कई मांगों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली आकर प्रदर्शन कर रहे किसानों की रामलीला मैदान के पास स्थित एक इलाके से प्रदर्शन के दूसरे दिन की तस्वीरें।
10:23 AM: ब्रिटेन की सरकार ने नए हथियार विधेयक में संशोधन को मंजूरी दे दी है जिससे कि यह ब्रिटेन के सिख समुदाय के कृपाण या धार्मिक तलवार रखने, उसकी आपूर्ति करने के अधिकार को प्रभावित नहीं करे। इस विधेयक को अब संसद की मंजूरी का इंतजार है।
09:54 AM: दिल्ली में शुक्रवार सुबह हल्के कोहरे के साथ वायु गुणवत्ता का स्तर 'बेहद खराब' स्तर पर पहुंच गया। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
09:27 AM: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो दिवसीय जी20 सम्मेलन में शिरकत करने के लिए अर्जेटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स पहुंच गए। ट्रंप के सत्ता में आने के बाद लैटिन अमेरिकी देश का यह उनका पहला दौरा है।
08:51 AM: हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (HKSAR) में शुक्रवार को कार दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से अधिक घायल हो गए। हांगकांग द्वीप के पश्चिमोत्तर में सिंग यी में एक टूरिस्ट कोच और टैक्सी की टक्कर हो गई। यह भिड़ंत स्थानीय समयानुसार तड़के 5 बजे से पहले हुई।
08:38 AM: मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस: डिस्ट्रिक्ट मैजिस्ट्रेट ने मामले के आरोपी बृजेश ठाकुर की पत्नी और सेवा संकल्प समिति के 6 अन्य सदस्यों की संपत्ति अटैच करने का आदेश दिया।
08:22 AM: दिल्ली में दिलशान गार्डन-रिठाला लाइन पर तकनीकी समस्या के चलते मेट्रो सेवाएं बाधित।
07:59 AM: देश के कई हिस्सों से दो दिवसीय प्रदर्शन के लिए दिल्ली पहुंचे किसान, रामलीला मैदान से प्रदर्शन के दूसरे दिन की तस्वीरें।
07:34 AM: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रस्तावित बैठक रद्द कर दी है। ट्रंप का कहना है कि रूस और यूक्रेन के बीच टकराव को ध्यान में रखते हुए इस बैठक को रद्द करना ही सही विकल्प होगा।
07:11 AM: जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल अर्जेंटीना में जी-20 शिखर सम्मेलन के उद्घाटन में हिस्सा नहीं ले सकेंगी क्योंकि तकनीकी समस्या की वजह से उनके विमान को कोलोन में आपात लैंडिंग करनी पड़ी।
06:27 AM: झारखंड में पिछले महीने एक हिंदी दैनिक के पत्रकार की हत्या मामले के मुख्य आरोपी को पलामू जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान नक्सलवादी संगठन तृतीया प्रस्तुति कमिटी (TPC) के एरिया कमांडर प्रशांत जी के तौर पर हुई है।
06:15 AM: पूर्वोत्तर दिल्ली के खजूरी खास में स्कूटर से टक्कर लगने के कारण 18 महीने के बच्चे की मौत हो गई। स्कूटर कथित रूप से 15 साल का किशोर चला रहा था।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि किशोर को पकड़ लिया गया है और उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है।