1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मायावती ने बीजेपी के साथ कांग्रेस पर भी साधा निशाना, कहा दोनों के शासन में मुसलमानों पर हुई बर्बरता

मायावती ने बीजेपी के साथ कांग्रेस पर भी साधा निशाना, कहा दोनों के शासन में मुसलमानों पर हुई बर्बरता

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 14, 2019 01:30 pm IST,  Updated : Feb 14, 2019 02:10 pm IST

महागठबंधन के प्रयास में जुटी कांग्रेस को मायावती ने एक बार फिर करारा झटका दिया है। मायावती ने ट्वीट करते हुए कांग्रेस पर जबर्दस्त हमला बोला है।

Mayawati - India TV Hindi
Mayawati 

महागठबंधन के प्रयास में जुटी कांग्रेस को मायावती ने एक बार फिर करारा झटका दिया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा गोहत्या के शक में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर कथित 'बर्बर' कार्रवाई करने और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 14 छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किये जाने की निंदा की है। 

मायावती ने ट्वीट करते हुए कांग्रेस पर जबर्दस्‍त हमला बोलते हुए कहा कि 'कांग्रेस की एमपी सरकार ने पूर्ववर्ती बीजेपी की तरह गोहत्या के शक में मुसलमानों पर रासुका के तहत् बर्बर कार्रवाई की। अब UP बीजेपी सरकार ने एएमयू के 14 छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया। दोनों सरकारी आतंक है व अति-निन्दनीय। लोग फैसला करे कि दोनों सरकारों में क्या अन्तर है?' 

मालूम हो कि मध्य प्रदेश सरकार ने गोहत्या के संदेह के आधार पर अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोगों के खिलाफ रासुका की कार्यवाही की है। वहीं, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में कल 14 छात्रों पर देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है। 

इससे पहले 12 जनवरी को भी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन पर प्रेसकान्‍फ्रेंस के दौरान मायावती कांग्रेस पर जमकर बरसीं थीं। मायावती ने कहा था कि कांग्रेस के शासन के दौरान गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में वृद्धि हुई। 

बसपा प्रमुख ने यह भी कहा था कि कांग्रेस और भाजपा, दोनों रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार के दोषी हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार द्वारा 1975-77 में लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'देश में मौजूदा माहौल में अघोषित आपातकाल है, जबकि कांग्रेस ने आपातकाल की घोषणा की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत