कोटा: शहर के महावीर नगर इलाके में अखिल भारतीय प्री मेडिकल परीक्षा (IPMT) की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय एक छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि पाली जिले में सोजत के रहने वाले ताराचंद ने कल दोपहर में यहां अपने किराये के मकान में छत से फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। वह पढ़ाई के कारण तनाव में था। ताराचंद के मकान मालिक ने बताया कि ताराचंद का कमरा शाम तक अंदर से बंद था जिसके कारण पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को बरामद किया।
उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन महीने से यहां के एक कोचिंग सेंटर में (IPMT) का कोचिंग ले रहा था। उन्होंने बताया कि नाबालिग ने अपने मोबाइल के मैसेजिंग फोल्डर में सुसाइड नोट लिखकर अपने माता से डॉक्टर बनने की उनके सपने को पूरा करने की अक्षमता के लिए माफी मांगी है। कुमार ने बताया कि नाबालिग के माता पिता के अनुरोध पर कल रात शव उन्हें सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस का खदान घोटले पर आरोप, राजे का इस्तीफे मांगा