नई दिल्ली: AIIMS में पिछले 14 दिनों से इलाज करा रहे जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद का आज गुरूवार सुबह निधन हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा था। मुफ्ती मोहम्मद सईद 79 साल के थे। जम्मू कश्मीर के शिक्षा मंत्री एवं सरकार के प्रवक्ता नईम अख्तर ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री ने सुबह करीब 7:30 बजे अंतिम सांस ली।
सईद का पार्थिव शरीर दिल्ली से भारतीय वायु सेना के एक विमान से श्रीनगर पहुंचा, जहां उनके शव को अंतिम दर्शनार्थ रखा गया है। श्रीनगर हवाईअड्डे पर जिस वक्त उनका पार्थिव शरीर पहुंचा, उस वक्त केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद तथा उमर अब्दुल्ला अपने परिवार व संबंधियों के साथ मौजूद थे। नई दिल्ली से कई नेता सुबह की उड़ान से ही जम्मू एवं कश्मीर के लिए रवाना हो गए थे।
मुख्यमंत्री सईद का अंतिम संस्कार अनंतनाग में होगा। सईद के परिवार में उनकी पत्नी, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती समेत तीन बेटियां और एक बेटा है। सईद को 24 दिसंबर को गर्दन में दर्द और बुखार के बाद एम्स में भर्ती किया गया था। उन्हें सेप्सिस, रक्त कणिकाएं कम होने और निमोनिया की परेशानी थी। वह तब से ही एम्स के आईसीयू में थे और उनके प्लेटलेट्स खतरनाक तरीके से कम होने की वजह से डॉक्टर चिंतित थे।
सईद को वेंटिलेटर पर रखा गया था क्योंकि फेफड़ों में संक्रमण की वजह से उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उनकी बल्ड प्लेटलेट्स में कमी आ रही थी और उन्हें बाहर से प्लेटलेट्स चढ़ाये जा रहे थे। सईद ने पिछले साल एक मार्च को पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री के तौर पर कामकाज संभाला था। सईद की बेटी महबूबा मुफ्ती जम्मू-कश्मीर की अगली मुख्यमंत्री होंगी।