मुंबई. भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बताया कि तूफान 'टाउ-टे' "विकराल चक्रवाती तूफान" में बदल गया है। IMD ने बताया कि तूफान ने सोमवार को तड़के विकराल रूप धारण कर लिया। विभाग ने पहले इसके विकराल रूप लेने का कोई अनुमान नहीं लगाया था। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी इस तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस वक्त् मुंबई वालों को घर से नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
'टाउ-टे' के कारण मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में रात में और सोमवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से हुई बारिश के कारण शहर में कहीं भी जलजमाव नहीं हुआ, कई जगहों पर पेड़ उखड़ गये और अब तक जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गयी है।
हमारे इस पेज पर आज पूरे दिन आपको चक्रवाती तूफान 'टाउ-टे' से जुड़ी सभी जानकारी दी जाएंगी।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी #CycloneTauktae की स्थिति जानने के लिए गांधीनगर के स्टेट कंट्रोल रूम पहुंचे और कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तटीय जिलों समेत राज्य की स्थिति की समीक्षा की।
गुजरात तट पर लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हुई और यह अगले 2 घंटों तक जारी रहेगी: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अरब सागर के तटीय इलाकों में आये चक्रवात ताउते के चलते मध्य प्रदेश के 13 जिलों में आगामी 24 घंटों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना के आलोक में सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, आईएमडी ने प्रदेश के नौ संभागों में आगामी 24 घंटों में गरज के साथ बिजली चमकने एवं बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कहीं-कहीं पर तेज हवाएं चलने के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा सोमवार दोपहर 12 बजे जारी मौसम बुलेटिन में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी देते हुए कहा है कि आगामी 24 घंटों के लिए (मंगलवार प्रात: तक वैध) मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर, सागर, रायसेन, राजगढ़, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, शाजापुर, आगर मालवा, नीमच एवं मंदसौर जिलों में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा, इसमें येलो अलर्ट की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि प्रदेश के जबलपुर, शहडोल, सागर, रीवा, इंदौर, उज्जैन, भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं पर आगामी 24 घंटों में गरज के साथ बिजली चमकने एवं बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से मुंबई एयरपोर्ट को आठ बजे तक बंद रखा जाएगा। इससे पहले 6 बजे तक बंद रखने का फैसला लिया गया था। इससे भी पहले 10 बजे से 1 बजे तक बंद किया गया था फिर 4 बजे तक बंद रखने का फैसला हुआ और उसके बाद 6 बजे तक किया गया है। अब यह 8 बजे तक बंद रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से फोन पर बात कर चक्रवाती तूफान ताउते से निपटने के लिये की गई तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। ताउते बेहद भीषण चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो गया है और इसके रात में गुजरात तट पर दस्तक देने की संभावना है। प्रधानमंत्री ने स्थिति से निपटने के लिये राज्य सरकार को केंद्र की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम को मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से फोन पर बात की और चक्रवात ताउते से निपटने के लिये राज्य सरकार द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लिया।” इसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को स्थिति से निपटने के लिये राज्य सरकार द्वारा उठाए गए एहतियाती कदमों के बारे में जानकारी दी। रुपाणी ने कहा कि गुजरात सरकार अब तक उन विभिन्न जिलों में तटीय क्षेत्र से 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले 1.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज चुकी है, जहां चक्रवाती तूफान से नुकसान की आशंका है। विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की कुल 44 टीमों को पुलिस और स्थानीय अधिकारियों के साथ तटीय क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
नागरिकों से गुजारिश है कि तूफान की वजह से हवा बहुत तेज रहेगी और तेज बारिश भी होने वाली है। ज़िले में दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक हाई अलर्ट है। जिनके कच्चे मकान हैं वे पक्के मकान या ज़िला परिषद के स्कूल में जाएं। घर से बाहर न जाएं: पालघर के ज़िलाधिकारी, महाराष्ट
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चक्रवात तौकते से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा नागरिक अधिकारियों को प्रदान की जा रही तैयारियों और सहायता की समीक्षा बैठक की।
अरब सागर पर चक्रवात ‘ताउते’ के भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने और सोमवार शाम तक गुजरात की ओर बढ़ने की संभावनाओं के बीच 410 यात्रियों वाली दो नौकाएं मुंबई तट से दूर चली गयी हैं। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। नौसेना के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘बॉम्बे हाई इलाके में हीरा ऑयल फील्ड्स तट से नौका ‘पी 305’ के दूर जाने की सूचना मिलने पर आईएनएस कोच्चि को बचाव एवं तलाश अभियान के लिए भेजा गया है। नौका पर 273 लोग सवार थे।’
अरब सागर में आए चक्रवाती तूफान के कारण मुंबई में सोमवार अपराह्न 114 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने बताया कि आज दिन भर में यह सबसे तेज आंधी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा जारी बयान के अनुसार, दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में अफगान चर्च स्थित मौमस विभाग के केंद्र ने दोपहर करीब दो बजे हवा की रफ्तार 114 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की
चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से एयरपोर्ट को बंद रखने का फैसला किया गया है। मुंबई एयरपोर्ट आज यानि सोमवार 6 बजे तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। पहले 10 बजे से 1 बजे तक बंद किया गया था फिर 4 बजे तक बंद रखने का फैसला हुआ और अब 6 बजे तक किया गया है।
गिर समोनाथ, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर पर ज्यादा प्रभाव पडे़गा। वलसाड़ और नवसारी में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मछुआरों को जाने से मना किया गया है। सभी जिलों में बारिश रहेगी: मनोरमा मोहंती
चक्रवात तौकते अभी दीव से 220 किलोमीटर दूर है। शाम तक गुजरात तट पर आ जाएगा और रात को दीव से 20 किलोमीटर पूर्व होकर गुजरात तट पार करेगा। हवा की रफ्तार 160-170 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी: अहमदाबाद मौसम विभाग की वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चक्रवात तौकते पर मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है क्योंकि यह राजस्थान के कुछ जिलों को भी प्रभावित कर रहा है। गहलोत ने ट्वीट किया,"मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर और भरतपुर मंडल चक्रवात से प्रभावित हो सकते हैं। जैसा कि अपेक्षित था, चक्रवात गुजरात के जामनगर को भी प्रभावित कर सकता है जो राजस्थान के लिए ऑक्सीजन का सबसे बड़ा आपूर्ति स्रोत है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सुचारू ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक आपातकालीन योजना बनाएं।"
मौसम विभाग के चक्रवात चेतावनी विभाग के मुताबिक पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर बना अत्यधिक भीषण चक्रवाती तूफान 'ताउते' पिछले छह घंटों के दौरान लगभग 20 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा, और अब यह विकराल चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके कारण अब 180-190 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिसके 210 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है।
चक्रवात टाउ टे के चलते सोमवार को मुंबई आ रही इंडियो और स्पाइसजेट की तीन उड़ानों के रास्ते में बदलाव किया गया है। एक प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई हवाईअड्डे को दो बजे तक बंद करने के चलते ऐसा किया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (सीएसएमआईए) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि शहर आने वाली इंडिगो की एक उड़ान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया, जबकि स्पाइसजेट की एक उड़ान को सूरत की ओर मोड़ा गया।
रायगढ़ जिले से अबतक 8,383 लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया। तूफान की चपेट में आने से अबतक कुल 839 घरों नुकसान हुआ।

आईएमडी ने कहा कि चक्रवात की वजह से राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, सोमवार और मंगलवार को सौराष्ट्र, दीव और गुजरात क्षेत्र के दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। उसने कहा कि मंगलवार तक समुद्र की स्थिति ‘‘असाधारण’’ रहेगी और इसके बाद इसमें सुधार आएगा।
आईएमडी ने कहा, ‘‘इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 17 मई की शाम को गुजरात तट पर पहुंचने और 17 मई की रात (आठ से 11 बजे के बीच) पोरबंदर और महुवा (भावनगर जिला) के बीच गुजरात तट को पार करने का अनुमान है। इस दौरान 155 से 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है।’’
राज्य आपात सेवा केन्द्र के अनुसार, सोमवार सुबह छह बजे तक 24 घंटे में गुजरात के 21 जिलों के 84 तालुका में चक्रवाती विक्षोभ के कारण हल्की बारिश भी हुई। छह तालुका में करीब एक इंच से अधिक बारिश हुई। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार, तूफान 'टाउ टे' ‘‘अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान’’ में बदल गया है।
'टाउ टे' के तूफान से ‘‘अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान’’ में तब्दील होने के बाद अब इसके सोमवार शाम गुजरात पहुंचने का अनुमान है और रात आठ बजे से 11 बजे के बीच राज्य के तटीय इलाकों से होता हुआ यह आगे बढ़ जाएगा। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, एहतियात के तौर पर राज्य प्रशासन ने 17 जिलों के तटीय इलाकों से एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और सोमवार सुबह फिर बचाव कार्य शुरू किया।
बीएमसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को सुबह सात बजे से हल्की बारिश जारी है और शहर में कहीं से भी जलजमाव की सूचना नहीं मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि रायगढ़, पालघर, मुंबई, ठाणे और रत्नागिरि जिलों में प्रति घंटे 90-100 किलोमीटर रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बारिश होने का अनुमान है। बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक चक्रवात के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और भारतीय नौसेना सतर्क है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, पुणे के पर्यावरण अनुसंधान और सेवा, एसआईडी प्रमुख के.एस.होसालिलकर ने ट्वीट किया, ‘‘ताउते चक्रवात अब अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान का रूप ले चुका है। मुंबई में 160 किलोमीटर की रफ्तार और गुजरात में 290 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। उत्तरी कोंकण, महाराष्ट्र के तटवर्ती क्षेत्र और गुजरात में ध्यान रखें।’’
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने बताया कि एहतियात के तौर पर शहर में दिन भर के लिए मोनो रेल सेवा स्थगित कर दी गयी है। एमएमआरडीए ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह ‘‘त्वरित फैसला’’ किया गया है।
रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि पास के ठाणे जा रही एक ट्रेन पर पेड़ की एक टहनी गिर जाने से उपनगरीय घाटकोपर और विखरोली के बीच मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। उन्होंने बताया कि ट्रेनों की गतिविधि बहाल करने के लिए प्रयास जारी है।
संपादक की पसंद