1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मामूली बात पर निजामुद्दीन इलाके में कत्ल, दिल्ली में 24 घंटे में 4 कत्ल

मामूली बात पर निजामुद्दीन इलाके में कत्ल, दिल्ली में 24 घंटे में 4 कत्ल

 Edited By: IANS
 Published : Apr 25, 2020 07:30 pm IST,  Updated : Apr 25, 2020 08:02 pm IST

कोरोनावायरस के प्रकोप को रोकने को लिए लागू राष्ट्रव्यापी बंद के दौरान झपटमारी, चोरी, मारपीट व सड़क हादसों में भले ही कमी आई हो, मगर हत्या की घटनाएं अभी भी दिल दहला रही हैं।

Representational pic- India TV Hindi
Representational pic

नई दिल्ली: कोरोनावायरस के प्रकोप को रोकने को लिए लागू राष्ट्रव्यापी बंद के दौरान झपटमारी, चोरी, मारपीट व सड़क हादसों में भले ही कमी आई हो, मगर हत्या की घटनाएं अभी भी दिल दहला रही हैं। इसका जीता जागता उदाहरण राष्ट्रीय राजधानी में देखने को मिला है, जहां बीते 24 घंटों में ही चार हत्याएं हो चुकी हैं। यही नहीं दिल्ली में तीन दिनों के अंदर पांच हत्याएं भी दर्ज हुई हैं। पांचवा कत्ल अब दक्षिण पूर्वी दिल्ली के कोरोना हॉट-स्पॉट निजामुद्दीन इलाके में हुआ है। यहां मामूली सी बात को लेकर हुए कत्ल में दो नाबालिगों सहित तीन गिरफ्तार किए गए हैं।

निजामुद्दीन थाना इलाके में कत्ल की घटना की पुष्टि दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आर. पी. मीणा ने की। डीसीपी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब नौ बजे दिल्ली पुलिस कंट्रोल रुम को एक महिला ने सूचना दी कि उसके पति की हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो खुसरो नगर इलाके में 32 साल के एक शख्स का शव पड़ा मिला। मरने वाले युवक की पहचान हसीन उर्फ छिग्गू के रूप में हुई है। छिग्गू कई आपराधिक मामलों में वांछित था। वो निजामुद्दीन थाने का घोषित बदमाश भी था।

छिग्गू की हत्या तीन लोगों ने चाकू से गोदकर की। तीन में दो नाबालिग और एक बालिग शामिल हैं। तीनों हत्या के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। घटना के पीछे पता चला है कि आरोपियों में से एक नाबालिग का छिग्गू की मां से किसी बात पर विवाद हुआ था और तभी से आरोपी बदला लेने की फिराक में थे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रव्यापी बंद के दौरान राजधानी में लूटपाट, झपटमारी, जेब काटना, सेंधमारी, सड़क हादसों में बेतहाशा कमी आई है। इन सबके बावजूद बीते चार दिनों में राजधानी के अलग अलग इलाको में पांच कत्ल होने से दिल्ली दहल उठी है। इन पांच कत्ल में से चार कत्ल तो 24 घंटों के अंदर ही हो गए।

पटेल नगर इलाके में इस सप्ताह एक शख्स का कत्ल कर दिया गया था। पटेल नगर में मारे गये शख्स की जाने-अनजाने बस इतनी गलती थी कि उसने नशेड़ियों द्वारा छत पर शराब पिए जाने की शिकायत मकान मालिक से कर दी थी। इसके अलावा बीते 24 घंटे में छाबला इलाके में घर के अंदर ही बेटे-बहू ने वृद्ध दंपत्ति की हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड की तह में घरेलू हिंसा और प्रॉपर्टी विवाद ही सामने आया था।

इसी तरह शनिवार तड़के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र में एक शख्स ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके पीछे भी वजह घरेलू हिंसा ही निकली। अब 24 घंटे के अंदर कत्ल की चौथी वारदात हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र में घट गई। इतना ही नहीं दक्षिण पूर्वी दिल्ली जिले में शनिवार दोपहर बाद एक शव पेड़ से झूलता मिला। यह शव मोहन को-ऑपरेटिव इलाके में पेड़ से लटका हुआ देखा गया। पुलिस को किसी राहगीर ने सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके से शव को कब्जे में लिया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। जिला डीसीपी के मुताबिक, मौके पर मौजूद पुलिस छानबीन में जुटी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत