नई दिल्ली: संसद भवन की कैंटीन में कम कीमत पर मिलने वाला खाना भी 1 जनवरी से महंगा हो गया है। अब 18 रुपए में मिलने वाली वेज थाली भी 30 रुपए की मिलेगी। दरअसल यह फैसला कैंटीन में भारी सब्सिडी के साथ मिलने वाली खाने पीने की चीजों को लेकर उपजे विवाद के बाद लिया गया है। लोकसभा सचिवालय ने बताया की कीमतों में यह फेरबदल छह साल बाद किया जा रहा है। गौरतलब है कि लोकसभाध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कीमतों में बदलाव का आदेश दिया था।
किसके दाम बदले:
अभी तक 18 रुपए में मिलने वाली शाकाहारी थाली अब 30 रुपए में मिलेगी। वहीं 33 रुपए में मिलने वाली मांसाहारी थाली अब 60 रुपए में परोसी जाएगी। पहले 61 रुपए में मिलने वाले थ्री-कोर्स मील के लिए अब आपको 90 रुपए में देने होंगे जबकि 29 रुपए में मिलने वाली चिकन करी अब 40 रुपए का हो गया है।
किसके दाम नहीं बदले:
रोटी और चाय जैसी चीजों के दाम जस के तस रखे गए हैं। उनमें कोई खास बदलाव नहीं किया गया है।
संसद की कैंटीन में व्यंजन भी घटे:
संसद की कैंटीन में खाना महंगा होने के साथ साथ अब व्यंजनों की संख्या को भी कम करने के आदेश दे दिए गए हैं। आपको बता दें जहां पहले संसद की कैंटीन में 125 से 130 व्यंजन रोज पकाए जाते थे वहीं अब प्रतिदिन सिर्फ 25 व्यंजन ही खाने को मिलेंगे। फिलहाल कई तरह की रोटी, पुलाव, सादा चावल, खिचड़ी, दही चावल और बिरयानी बनाई जाती हैं।