1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एनटीपीसी हादसा: गुजरात दौरा बीच में छोड़कर रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी

एनटीपीसी हादसा: गुजरात दौरा बीच में छोड़कर रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Nov 02, 2017 01:33 pm IST,  Updated : Nov 02, 2017 01:33 pm IST

इस मौके पर राहुल ने कहा कि कांग्रेस और रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी ने एनटीपीसी में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। वह पीड़ित परिवारों के दुख में उनके साथ हैं और उनके हर दुख में मदद के लिए तत्पर हैं।

Rahul-Gandhi-NTPC- India TV Hindi
Rahul-Gandhi-NTPC Image Source : PTI

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के ऊंचाहार में नेशनल थर्मल पॉवर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के संयंत्र में बॉयलर फटने से हुए हादसे के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात दौरा बीच में छोड़कर गुरुवार सुबह ऊंचाहार पहुंचे। उन्होंने रायबरेली जिला अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों से भी मुलाकात की। इस घटना में 68 लोगों के घायल होने की खबर है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी के इंदिरा गांधी हवाईअड्डे पहुंचे। इसके बाद सड़क मार्ग से रायबरेली के ऊंचाहार पहुंचे।

इस मौके पर राहुल ने कहा कि कांग्रेस और रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी ने एनटीपीसी में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। वह पीड़ित परिवारों के दुख में उनके साथ हैं और उनके हर दुख में मदद के लिए तत्पर हैं।

इधर, एनटीपीसी प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। इसमें घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। यह जानकारी एनटीपीसी के अतिरिक्त महाप्रबंधक (मीडिया एंड कम्युनिकेशन) राजेश मल्होत्रा ने दी।

उन्होंने बताया कि एनटीपीसी ने घटना के तत्काल बाद राहत व बचाव कार्य के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर हर जरूरी कदम उठाए हैं। एनटीपीसी प्रबंधन इस घटना के पीड़ितों व उनके परिवार के साथ खड़ा है।

गौरतलब है कि बुधवार को ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी की 500 मेगावाट की छठी इकाई में बॉयलर की राख वाली पाइप अचानक फट गई। इस हादसे की चपेट में सौ से अधिक कर्मचारी आ गए। गंभीर रूप से झुलसे दो और लोगों की गुरुवार को मौत के बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या 26 हो गई है।

घटना के बाद दर्जन भर घायल लोगों को जिला अस्पताल और शहर के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। कुछ घायलों को एनटीपीसी के अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत