नई दिल्ली: सम-विषम के नियमों का उल्लंघन करने पर आज करीब 1600 वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया। दिल्ली सरकार ने सम-विषम योजना की सफलता का दावा करते हुए कहा कि वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में कटौती के कारण प्रदूषकों के स्तर में स्पष्ट गिरावट आई है। CNG स्टिकरों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरकार ने दिल्ली और एनसीआर में 114 स्थानों की बजाए इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के केवल एक स्टेशन पर इसकी बिक्री सीमित करने का फैसला किया है।
परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सीएनजी स्टेशनों की संख्या एक तक सीमित किये जाने का फैसला असमाजिक तत्वों द्वारा गैर सीएनजी गाडि़यों के मालिकों को स्टिकर की बिक्री करने की खबरें आने के बाद उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि दीपक सेन नामक एक व्यक्ति को विवेक विहार सीएनजी स्टेशन पर गैर सीएनजी वाहनों को सीएनजी स्टिकर बेचते हुए पकड़ा गया । वह 2,800 रूपये में स्टिकर बेच रहा था। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने विवेक विहार थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
अब तक सीएनजी स्टिकर दिल्ली में सीएनजी के 95 स्टेशनों और एनसीआर में अन्य 19 स्टेशनों से वितरित किये जा रहे थे।