भोपाल: पुलिस ने मोबाइल ऐप आधारित टैक्सी सर्विस ओला कैब के चालक को 29 साल की एक महिला यात्री के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कोहेफिजा पुलिस थाने के निरीक्षक सूर्यकांत अवस्थी ने आज बताया कि एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई की 29 दिसंबर को वह लालघाटी स्थित अपने घर आने के लिये ओला कैब में सवार हुई थी जिसे दीपक बामने (28) चला रहा था। लेकिन चालक उसे लालघाटी ले जाने के बजाय बैरागढ़ और गांधी नगर क्षेत्र के बीच किसी सुनसान इलाके में ले गया और वहां उसे डरा-धमकाकर उसके साथ कैब में दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद दो दिन तक सदमें में रहने के बाद महिला ने अपनी आपबीती अपने पति को बताई और फिर एक जनवरी को आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी गई।
अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक को कल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसका पिछला रिकॉर्ड तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले कुछ माह से ही ओला कैब में काम कर रहा था।
उन्होंने बताया कि महिला के साथ जिस वाहन में दुष्कर्म किया गया उस टैक्सी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।