1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PAK ने हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व को हमेशा से कमतर आंका: वायुसेना प्रमुख

PAK ने हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व को हमेशा से कमतर आंका: वायुसेना प्रमुख

 Reported By: PTI
 Published : Sep 20, 2019 03:29 pm IST,  Updated : Sep 20, 2019 03:29 pm IST

पाकिस्तान ने भारत के राष्ट्रीय नेतृत्व को हमेशा से कमतर आंका है और बालाकोट हवाई हमले के दौरान भी उन्होंने यही किया था। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीरेंद्र सिंह धनोआ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

bs dhanoa- India TV Hindi
bs dhanoa

मुंबई: पाकिस्तान ने भारत के राष्ट्रीय नेतृत्व को हमेशा से कमतर आंका है और बालाकोट हवाई हमले के दौरान भी उन्होंने यही किया था। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीरेंद्र सिंह धनोआ ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी। धनोआ इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

उन्होंने कहा, “आपको याद होगा कि पाकिस्तान ने हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व को हमेशा से कमतर आंका है। हमेशा। 1965 के युद्ध में उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री को कम आंका था। उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि वह मोर्चा खोलेंगे और लाहौर तक पहुंच जाएंगे।” वायुसेना प्रमुख ने कहा, “और फिर वे चौंक गए। उन्हें लगा था कि वे सिर्फ कश्मीर में लड़ेंगे वे अचंभित हुए। कारगिल युद्ध में वे एक बार फिर हैरान रह गये। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि हम अपनी सारी ताकत झोंक देंगे और बोफोर्स तोपों का मुंह उनकी तरफ कर दिया जाएगा और हम वायुसेना को इसमें शामिल कर उन्हें खदेड़ देंगे।”

उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर उनका अनुमान हमेशा गलत साबित हुआ। यहां तक कि अब भी, पुलवामा (आतंकवादी हमले) के बाद, मेरे हिसाब से उन्होंने फिर गलत अनुमान लगाया कि हमारा राजनीतिक नेतृत्व ऐसे हमले (बालाकोट हमले) की इजाजत नहीं देगा। ऐसा नहीं है कि हमारी वायु सेना सक्षम नहीं है। वे (पाकिस्तान) हमारी क्षमताएं जानते हैं। लेकिन वे हमेशा इस गलतफहमी में रहते हैं कि हमारा नेतृत्व कार्रवाई नहीं करेगा।”

एयर चीफ मार्शल धनोआ वायुसेना के 25वें प्रमुख हैं और उन्होंने दिसंबर 2016 में यह पद संभाला था। एयर चीफ मार्शल धनोआ की जगह एयर मार्शल आर के एस भदौरिया लेंगे जिन्हें हाल ही में वायुसेना का अगला प्रमुख नामित किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत