1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकत, पुंछ जिले में LoC के पास की गोलाबारी

पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकत, पुंछ जिले में LoC के पास की गोलाबारी

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 28, 2020 02:41 pm IST,  Updated : Jul 28, 2020 02:41 pm IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास के अग्रिम इलाकों में पाकिस्तानी सेना ने भारी गोलीबारी की और मोर्टार दागे जिसपर भारतीय सेना ने भी जवाबी प्रभावी कार्रवाई की।

पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकत, पुंछ जिले में LoC के पास की गोलाबारी- India TV Hindi
पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकत, पुंछ जिले में LoC के पास की गोलाबारी Image Source : ANI/FILE

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास के अग्रिम इलाकों में पाकिस्तानी सेना ने भारी गोलीबारी की और मोर्टार दागे जिसपर भारतीय सेना ने भी जवाबी प्रभावी कार्रवाई की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान ने मंगलवार को लगातार आठवें दिन भी संघर्षविराम का उल्लंघन किया। पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तानी सैनिकों ने 20 से अधिक बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया, “आज सुबह लगभग 10 बजे पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से भारी गोलाबारी की तथा मोर्टार दागे।’’ उन्होंने बताया कि भारतीय सेना उन्हें मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के ही मनकोट और मेंढर सेक्टर के अग्रिम इलाकों और कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलाबारी की। इस गोलीबारी में एक मवेशी घायल हो गया एवं एक मकान को नुकसान पहुंचा।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने एलओसी से लगे राजौरी और पुंछ जिलों के अग्रिम इलाकों में गत मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी गोलेबारी की थी।

साथ ही, कठुआ जिले के बालाकोटे, सदरबनी, नौशेरा, कस्बा, किरनी, मेंढर, मनकोटे, देगवार, कृष्णघाटी और हीरानगर सेक्टर में सोमवार को गोलेबारी की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत