नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा किए हमले के बारे में सुराग जुटाने के लिए आज पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पहुंच गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि NIA की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। गृह मंत्रालय ने इस केंद्रीय जांच एजेंसी से पूर्ण जांच टीम तैयार रखने को कहा है क्योंकि यह मामला उसे सौंपा जा सकता है।
सूत्रों ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार उस स्थान पर एनआईए की टीम भेजी जाती है जहां आतंकी हमला होता है ताकि इसके लोग अपनी विशेषग्यता और प्रारंभिक सूचना को साझा कर सकें।
आतंकवादियों के एक समूह ने दीवार फांद कर आज तड़के पठानकोट स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर हमला कर दिया। उन्हें वायु सेना द्वारा गार्ड ड्यूटी के लिए भर्ती किए जाने वाले पूर्व सेनाकर्मियों ने देखा और फिर हुई मुठभेड़ में 5 आतंकवादी मारे गए।
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित है और यह वायु सेना के MIG-21 लड़ाकू विमानों तथा MI-25 हेलीकॉप्टरों का बेस है।