नई दिल्ली: आपने कभी सोचा है कि एक मामूली सा हैंडपंप आपके साथ क्य-क्या कर सका है? आपको जानकर हैरानी होगी की किस प्रकार हैंडपंप एक परिवार के लिए आफत बन गया। बिहार के मधुबनी जिले में लदनिया में हैंडपंप से नहाने पर एक परिवार के सभी लोग गंजे हो गए। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत पैदा हो गई है। जिला प्रशासन ने इस कुएं को बंद करवा दिया है।
लदनिया के नाथपट्टी गांव में लगे हैंडपंप से दिन के समय एक परिवार ने नहाया और शाम होते-होते सभी लोग गंजे हो गए। प्रभावित सदस्यों में परिवार के मुखिया मो़ हासिम, पत्नी जयमून खातून, बेटी अफसाना खातून व पुत्र मो़ हफीजुल शामिल हैं। जिले के BDO और डॉ ने सूचना मिलने पर गांव के लोगों से पूछताछ की लेकिन बाल गिरने के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। हैंडपंप के पानी का जांच के लिए नमूना लेकर सील कर दिया गया है।
पीड़ितों ने बताया कि शनिवार को सभी चारों ने दोपहर के समय घर के चापाकल के पानी से स्नान किया। इसके कुछ देर बाद ही सभी के बाल आपस में चिपक गये और छूने के बाद हाथों में आ गये। शाम होते-होते बाल गायब हो गए। घर की महिला सदस्यों को न तो घर में रहते बन रहा है, न बाहर निकलते। कहती हैं, वह तो अच्छा हुआ, कुछ दिनों पहले बेटी की शादी हो गई, वरना काफी परेशानी होती। इस घटना में प्रभावित लोगों को उपचार के लिए पहले खुटौना भेजा गया, जहां इन्हें स्वस्थ पाया गया। पीएचसी प्रभारी ने बताया कि पानी को जांच के लिए भेजा गया है। पीएचईडी से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि घटना का असली कारण क्या है।