1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी ने की राहुल गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना, पॉजिटिव आई है उनकी रिपोर्ट

PM मोदी ने की राहुल गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना, पॉजिटिव आई है उनकी रिपोर्ट

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 20, 2021 04:47 pm IST,  Updated : Apr 20, 2021 05:58 pm IST

मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हुए ट्वीट किया।

PM मोदी ने राहुल गांधी के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की, पॉजिटिव आई है कोरोना रिपोर्ट- India TV Hindi
PM मोदी ने राहुल गांधी के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की, पॉजिटिव आई है कोरोना रिपोर्ट

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। सामान्य लोगों से लेकर बड़ी-बड़ी हस्तियां कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हुए ट्वीट किया।

राहुल गांधी की कोरोना रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी। इसके बाद पीएम मोदी ने उनकी अच्छी सेहत और जल्द ठीक होने की प्रर्थना करते हुए ट्वीट किया। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, "मैं लोकसभा सांसद श्री राहुल गांधी जी के अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "हल्के लक्षणों का अनुभव करने के बाद, मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। वे सभी जो मेरे साथ संपर्क में हैं, कृपया सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें और सुरक्षित रहें।" पिछले दिनों उन्होंने असम, केरल और पश्चिम बंगाल में रैलियां की थीं। हालांकि, दो दिन पहले उन्होंने बंगाल में रैलियों को रद्द करने की घोषणा की थी।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी कोरोना पॉजिटिव

देश में कोरोना की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। सोमवार को उनकी कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मनमोहन सिंह को दिल्ली एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कोरोना के टीके की दोनों खुराक ली है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की हालत स्थिर है। हर्षवर्धन ने ट्वीट किया, "डॉ मनमोहन सिंह जी के स्वास्थ्य पर लगातार दिल्ली एम्स में मेडिकल टीम निगरानी बनाए हुए है। उनकी स्थिति स्थिर है। उनकी पूरी तरीके से देखभाल हो रही है। हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी उनके शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना की। उन्होंने कहा, मैं यह जानकर काफी चिंतित हूं कि डॉ मनमोहन सिंह अस्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस पार्टी में हम सभी की ओर से मैं उनके शीघ्र और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की कामना करती हूं। 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट किया, "मेरी प्रार्थनाएं मनमोहन सिंह जी और उनके परिवार के साथ है। वह अपनी पूरी ताकत से इस संकट से लड़ें और जल्द स्वस्थ हों।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत