1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी ने की उत्तराखंड के CM धामी से बात, आपदा राहत कार्यों की जानकारी ली

PM मोदी ने की उत्तराखंड के CM धामी से बात, आपदा राहत कार्यों की जानकारी ली

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 24, 2021 11:34 pm IST,  Updated : Oct 24, 2021 11:34 pm IST

उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने रविवार को कहा कि पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने लगभग 65 हजार लोगों को आपदा में फंसने से बचा लिया।

PM मोदी ने की उत्तराखंड के CM धामी से बात, आपदा राहत कार्यों की जानकारी ली - India TV Hindi
PM मोदी ने की उत्तराखंड के CM धामी से बात, आपदा राहत कार्यों की जानकारी ली  Image Source : TWITTER/@BJP4INDIA

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन कर राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत, बचाव एवं निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। धामी ने प्रधानमंत्री को राज्य में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे मे अवगत कराते हुए आपदा प्रभावितों को दी जा रही आर्थिक सहायता और पुनर्वास के बारे में विस्तार से बताया। गौरतलब है कि हाल में प्रदेश में लगातार तीन दिन हुई भारी बारिश से व्यापक तबाही हुई, जिसमें 76 लोगों की मौत के साथ ही मकानों, सडकों और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

पुलिस और SDRF ने करीब 65 हजार लोगों को बचाया

उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने रविवार को कहा कि पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने लगभग 65 हजार लोगों को आपदा में फंसने से बचा लिया। नैनीताल में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि मौसम खराब होने की चेतावनी के 24 घंटे पहले आने के कारण लगभग 48000 लोगों को गढ़वाल में और लगभग 17000 लोगों को कुमाऊं में समय रहते उपर चढने से रोक लिया गया जिससे वे आपदा में नहीं फंसे। 

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि 48000 अन्य को समय रहते ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जबकि आपदा में फंस गए दस हजार लोगों को सकुशल बचाया गया। उन्होंने कहा कि कुमाऊं में साढे नौ हजार लोगों को जबकि गढवाल में 500 लोगों को बचाया गया। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि अभी तक प्रदेश में आपदा से 76 मौतें हुई हैं, जिनमें से 59 मौतें कुमांऊ में और 17 गढ़वाल में हुईं। 

उन्होंने कहा कि 33 अन्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा 14 लोग अब भी लापता हैं जिनमें से आठ ट्रैकर्स हैं जो मलबे आदि में दब गए या बह गए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में जैसे पिथौरागढ़ में गुंजी और दारमा, बागेश्वर में पिंडारी की तरफ और उत्तरकाशी में अभी तलाश और बचाव अभियान चल रहा है। इसके अतिरिक्त नैनीताल जिले के रामगढ में तीन लापता लोगों को ढूंढने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

भाजपा ने उत्तराखंड के लिए राहत सामग्री भेजी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव दुष्यंत गौतम और पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता ने बाढ़ प्रभावित उत्तराखंड के लोगों के लिए राहत सामग्री ले जा रहे ट्रकों को रविवार को रवाना किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। गुप्ता ने कहा कि 20,000 पैकेट हल्द्वानी भेजे गए हैं और उनमें चावल, आटा, चीनी, चायपत्ती, तेल और पानी शामिल हैं। 

पार्टी की दिल्ली इकाई का शुक्रिया अदा करते हुए गौतम ने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित कर रही है कि इस वक्त कोई भूखा न रहे। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी ने समाज के आखिरी व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार उन तक राहत पहुंचाकर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत