1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन का उद्घाटन करेंगे PM मोदी, केजरीवाल को न्योता नहीं

आज दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन का उद्घाटन करेंगे PM मोदी, केजरीवाल को न्योता नहीं

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Dec 24, 2017 07:52 pm IST,  Updated : Dec 25, 2017 12:00 am IST

इस लाइन पर मेट्रो का परिचालन शुरू होने से नोएडा और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा के समय में काफी कमी आएगी...

delhi metro magenta line- India TV Hindi
delhi metro magenta line

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन का उद्घाटन करेंगे। 12.64 किलोमीटर लंबी यह लाइन नोएडा के बोटैनिकल गार्डन को दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर से जोड़ती है। वहीं, मेट्रो के बढ़े किराए पर केंद्र और दिल्ली मेट्रो के साथ तकरार के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यालय ने कहा है कि उसे उद्घाटन समारोह का निमंत्रण प्राप्त नहीं हुआ है।

इस लाइन पर मेट्रो का परिचालन शुरू होने से नोएडा और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा के समय में काफी कमी आएगी। यह बोटैनिकल गार्डन (नोएडा)-जनकपुरी वेस्ट गलियारे का हिस्सा है। मोदी नोएडा में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

यह देश की ऐसी तीसरी मेट्रो लाइन होगी जिसका इस साल प्रधानमंत्री उद्घाटन करेंगे। इससे पहले, मोदी ने जून में कोच्चि मेट्रो और नवंबर में हैदराबाद मेट्रो राष्ट्र को समर्पित की थी। जनसभा स्थल पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली मेट्रो की नई लाइन के कुछ स्टेशनों तक मेट्रो में सफर भी करेंगे।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, ‘‘नई लाइन देश में शहरी परिवहन को आधुनिक बनाने की केंद्र सरकार की एक और कोशिश की नुमाइंदगी करती है। यह प्रौद्योगिकी केंद्रित एवं पर्यावरण मित्र त्वरित शहरी परिवहन प्रणाली बनाने के अभियान का प्रतिनिधित्व करती है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत