मुंबई: मलाड में हुए भीषण शराब कांड से सबक लेते हुए मुंबई पुलिस ने महानगर के उत्तरी क्षेत्र से अवैध शराब के सभी स्टॉक को जब्त करने का निर्णय किया है ताकि इलाके को देसी शराब मुक्त क्षेत्र बनाया जा सके। शराब कांड में करीब 100 लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस ने कहा कि महानगर के मलाड इलाके में जहरीली शराब पीने के बाद अभी तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई उत्तर क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त फतेह सिंह पाटिल ने बताया, मैंने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी थानों और मुंबई पुलिस की अन्य इकाइयों को निर्देश दिया है कि पूरे इलाके को देसी शराब मुक्त क्षेत्र बनाया जाए ताकि इस कारण अब किसी और की जान नहीं जा सके। उन्होंने कहा, मैंने अपने पुलिस उपायुक्तों :डीसीपी: से कहा है कि इस पर काम करें और सुनिश्चित करें कि जहां कहीं भी अवैध शराब का भंडारण किया गया है उसे जब्त किया जाए।
पाटिल ने कहा कि झुग्गी झोपडि़यों में गावती दारू :देसी शराब: के खतरे को रोकने के लिए पुलिस दल ने झुग्गियों में रहने वाले लोगों से संपर्क करने और वहां रहने वाली महिलाओं से सीधा संवाद करने का कार्यक्रम शुरू किया है ताकि ऐसी शराब के खिलाफ जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा, ऐसी महिलाएं और उनके बच्चे इस तरह की त्रासदी में सबसे ज्यादा परेशानी उठाते हैं। इसलिए अगर हमारे पुलिसकर्मी उनसे संपर्क करते हैं तो वे सूचना देने वालों की तरह काम करेंगे और देसी शराब के भंडारण के बारे में जानकारी देंगे।