1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराष्ट्र: लॉकडाउन तोड़कर मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोकने पर पुलिस पर पथराव

महाराष्ट्र: लॉकडाउन तोड़कर मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोकने पर पुलिस पर पथराव

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 28, 2020 08:56 am IST,  Updated : Apr 28, 2020 08:59 am IST

महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के बिदकिन गांव में एक मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए लोगों के इकट्ठा होने की सूचना मिलने पर जांच करने गए पुलिस के एक दल पर पथराव किया गया।

Maharashtra, Aurangabad, Mosque, Lockdown, Stone Pelting, Mosques Lockdown- India TV Hindi
अपराह्न साढ़े सात बजे के आसपास हुई घटना में एक पुलिसकर्मी को मामूली चोट आई। PTI Representational

औरंगाबाद: महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के बिदकिन गांव में एक मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए लोगों के इकट्ठा होने की सूचना मिलने पर जांच करने गए पुलिस के एक दल पर पथराव किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अपराह्न साढ़े सात बजे के आसपास हुई घटना में एक पुलिसकर्मी को मामूली चोट आई। घटना की पुष्टि करते हुए जिले की पुलिस अधीक्षक मोक्षदा पाटिल ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है।

15 लोगों को हिरासत में लिया गया

मोक्षदा पाटिल ने कहा, ‘बिदकिन पुलिस के एक दल को सूचना मिली थी कि एक मस्जिद में 35-40 लोग नमाज पढ़ने के लिए एकत्रित हुए हैं। जब पुलिस का दल घटना की जांच करने पहुंचा तो उस पर पत्थर फेंके गए।’ मामले के संबंध में 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। गौरतलब है कि देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान किसी भी प्रकार की धार्मिक सभा की अनुमति नहीं है, लेकिन फिर भी कुछ जगहों से मस्जिदों में नमाज के लिए रोके जाने को लेकर पुलिस पर हमले की खबरें सामने आई हैं।

कश्मीर और झारंखंड में भी बवाल
बीते सप्ताह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में जुमे की नमाज के लिए एकत्रित भीड़ ने सुरक्षाबलों पर पथराव कर दिया था। पुलिस ने बेकाबू भीड़ को बमुश्किल खदेड़ा था और सोशल डिस्टैंसिंग के उल्लंघन में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया था। वहीं, झारखंड के ठाकुर गंगटी की माल मंडरो पंचायत के रहरवारिया गांव की मस्जिद में जुमे की सामूहिक नमाज रोकने गई पुलिस पर पथराव कर दिया गया। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। हालांकि देश की अधिकांश मस्जिदें लॉकडाउन का पालन कर रही हैं और लोग अपने घरों से ही नमाज पढ़ रहे हैं। (भाषा से इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत