1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंजाब में कोरोना से 58 मरीजों की मौत, 3294 नए केस मिले

पंजाब में कोरोना से 58 मरीजों की मौत, 3294 नए केस मिले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 10, 2021 11:16 pm IST,  Updated : Apr 10, 2021 11:16 pm IST

पंजाब में कोरोना वायरस संक्रमण से 58 और लोगों की मौत होने से शनिवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 7,448 पर पहुंच गई जबकि इस महामारी के 3,294 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 2,69,733 हो गई।

पंजाब में कोरोना से 58 मरीजों की मौत, 3294 नए केस मिले- India TV Hindi
पंजाब में कोरोना से 58 मरीजों की मौत, 3294 नए केस मिले Image Source : AP

चंडीगढ़: पंजाब में कोरोना वायरस संक्रमण से 58 और लोगों की मौत होने से शनिवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 7,448 पर पहुंच गई जबकि इस महामारी के 3,294 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 2,69,733 हो गई। एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। इसके अनुसार शनिवार को उपचाराधीन मरीजों की संख्या 28,015 थी। होशियारपुर में 10, गुरदासपुर में सात और लुधियाना तथा जालंधर में छह-छह लोगों की मौत हुई। 

बुलेटिन के अनुसार, 2385 और लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,34,270 पर पहुंच गई। इस बीच चंडीगढ़ में 398 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30,341 हो गई। केन्द्र शासित प्रदेश में इस महामारी से तीन और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 396 हो गई। बुलेटिन के अनुसार उपचाराधीन मरीजों की संख्या 3,265 है।

देश में अभी कोविड-19 का इलाज करा रहे मरीजों में से 72.23 प्रतिशत लोग केवल पांच राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल- के हैं। देश में संक्रमितों की संख्या करीब साढ़े छह महीने बाद एक बार फिर 10 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में संक्रमित 10,46,631 मरीजों में से 45.65 प्रतिशत मरीज पुणे, मुंबई, ठाणे, नागपुर, बेंगलुरु शहरी, नासिक, दिल्ली, रायपुर, दुर्ग और औरंगाबाद में हैं और ये संक्रमण के कुल मामले के 7.93 प्रतिशत हैं। 

मंत्रालय ने बताया कि दस राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में कोविड-19 के रोज आ रहे मामले तेजी से बढ़े हैं और इन राज्यों में संक्रमण के कुल मामलों के 82.82 प्रतिशत मामले हैं। भारत में शनिवार को कोरोना वायरस के 1,45,384 नए मामले आए। इसके साथ ही देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,32,05,926 पर पहुंच गए हैं। 

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 58,993 नए मामले आए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 11,447 जबकि उत्तर प्रदेश में 9,587 नए मामले आए। भारत में अब तक 1,19,90,859 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं। मंत्रालय ने बताया, ‘‘महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 794 लोगों की मौत हो गई।’’ मौत के 86.78 प्रतिशत मामले 10 राज्यों में आए। 

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 301 लोगों की मौत हुई। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 91 लोगों की मौत हुई। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोविड-19 से मौत का कोई मामला नहीं आया। इनमें पुडुचेरी, लद्दाख, दमन और दीव, दादर और नगर हवेली, नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप तथा अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं। 

मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 9.80 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। देश में अब तक जितने टीके लगाए गए हैं उनमें से 60.62 प्रतिशत टीके महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और केरल में लगाए गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।