नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक सभा के दौरान वन रैंक वन पेंशन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खूब खरी खोटी सुनाईं। राहुल ने कहा, “एक साल बीत चुका है। सेना का जवान रो रहा है। कह रहा है कि हम आंदोलन करेंगे, बता दीजिए वन रैंक वन पेंशन कब होगा।” आपको बता दें कि वन रैंक वन पेंशन के मसले पर भारतीय सेना ने भी धमकी दी है कि अगर इस पर जल्द अमल नहीं किया गया तो 14 जून को बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
क्या क्या बोले राहुल-
- चुनाव के पहले मोदी जी हरियाणा गए थे। वहां उन्होंने कहा था कि अगर वो सत्ता में आते हैं तो वन रैंक वन पेंशन को तत्काल लागू किया जाएगा।
- मोदी जी कहते हैं “नहीं भैया हम योगा करते हैं बाद में पूछना।”
- हम किसानों के लिए लड़े हैं। जब नंदीग्राम में भूमि संबंधी मसला सामने आया था तब हम किसानों के लिए बिल लेकर आए थे।
- हम किसानों के लिए यह कहकर लैंड बिल लाए थे कि उद्योगपति अपना अपना सेट अप लगाएंगे लेकिन जब वो अपना कारखाना बना लेंगे तो जमीन के मालिक को भी फायदा मिलेगा।
- मोदी जी कहते हैं कि हर किसी को नौकरी मिलेगी, आप अपनी जमीन दीजिए, लेकिन वो शहरों के पास की जमीन चाहते हैं जहां जमीनों के दाम काफी ऊंचे हैं।
- जब हमारी सरकार थी पीएम बांग्लादेश जाना चाहते थे, हमने ममता जी से कहा कि आप चलिए पर उन्होंने कहा एकला चलो रे।
- आप आमतौर पर अपना एक पैर ही ब्रेक पर रखते हैं। लेफ्ट सरकार ने ऐसा ही किया और आपने उन्हें सरकार से बाहर कर दिया। अब ममता दी ने अपने दोनों पैर ब्रेक पर रख रखे हैं।
- पर अब मोदी जी हैं तो “एकला चलो रे” नहीं हम एक साथ चलेंगे।
- ममता जी ने एकला चलो रे को तोड़मरोड़ दिया है वो सोचती हैं कि वो जो चाहें कर सकती हैं।
- अब यह आप पर है कि आप ममता जी को कार से बाहर निकाल दें और कांग्रेस को ड्राइविंग सीट पर बिठा दें। हम एक्सीलरेटर दबाएंगे।
- ममता जी वही कर रही हैं जो लेफ्ट धड़ा करता रहा है।
- जब मैं छोटा था दादी मेरे लिए यहां से मिष्ठी दोई लाती थीं। आज मैने लंच में मिष्ठी दोई खाई।
राहुल के भाषण पर भाजपा की प्रतिक्रिया
राहुल के इस भाषण पर भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने कहा कि राहुल छुट्टियों के लिए कहीं भी जा सकते हैं तो इसमें खबर क्या है। वहीं कांग्रेस नेता टॉम वडक्कन ने कहा कि अगर हमारी पार्टी की सरकार होती तो वन रैंक वन पेंशन हमारी प्राथमिकता में होता।