1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राष्ट्रीय आपदा है रोजगार की कमी, सरकार कर रही है खोखले वादे: राहुल गांधी

राष्ट्रीय आपदा है रोजगार की कमी, सरकार कर रही है खोखले वादे: राहुल गांधी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 05, 2020 01:59 pm IST,  Updated : Nov 05, 2020 01:59 pm IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि देश में रोजगार की कमी राष्ट्रीय आपदा बन चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ खोखले वादे कर रही है।

राष्ट्रीय आपदा है रोजगार की कमी, सरकार कर रही है खोखले वादे: राहुल गांधी- India TV Hindi
राष्ट्रीय आपदा है रोजगार की कमी, सरकार कर रही है खोखले वादे: राहुल गांधी Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि देश में रोजगार की कमी राष्ट्रीय आपदा बन चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ खोखले वादे कर रही है। उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘रोज़गार की कमी एक ऐसी राष्ट्रीय आपदा है जो गहराती जा रही है। मोदी सरकार सिर्फ़ खोखले वादे करना जानती है, समाधान करना नहीं।’’ 

कांग्रेस नेता ने जो खबर शेयर की उसमें कहा गया है कि गत सितंबर महीने के मुकाबले अक्टूबर महीने में रोजगार के अवसर में करीब 60 फीसदी की गिरावट आई है। इससे पहले राहुल गांधी ने बुधवार को सरकार पर महंगाई कंट्रोल न कर पाने के आरोप लगाए थे। राहुल गांधी ने महंगाई के मुद्दे को लेकर आरोप लगाया था कि ‘चौतरफा महंगाई की मार’ के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। 

प्याज एवं बीज की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण किसानों के परेशान होने का दावा करने वाली एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने ट्वीट किया था, "एक तरफ़ किसान पर दोहरी मार- महंगे बीज और कम दाम पर उपज की ख़रीद। दूसरी तरफ़ उपभोक्ता पर चारों तरफ़ से महंगाई की मार। ज़िम्मेदार सिर्फ़ मोदी सरकार!"

इसके साथ ही, राहुल गांधी ने लॉकडाउन के दौरान मजदूरों के अपने घर लौटने में आई दिक्कत से जुड़ा एक वीडियो शेयर कर केंद्र और बिहार सरकार पर हमला बोला। 

उन्होंने कहा, ‘‘जब लाखों मज़दूर बहन-भाई देश के विभिन्न हिस्सों से बिहार-उत्तर प्रदेश की ओर भूखे, प्यासे पैदल चलने पर मजबूर हो गए, तब मोदी-नीतीश सरकारों ने ये शर्मनाक बर्बरता की। कांग्रेस पार्टी सरकार में नहीं है, फिर भी हमने इस अत्याचार के ख़िलाफ़ मज़दूर भाइयों की मदद की। यही सच है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत