1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नहीं रहे केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया शोक

नहीं रहे केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया शोक

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 08, 2020 08:49 pm IST,  Updated : Oct 08, 2020 10:41 pm IST

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के संस्थापक राम विलास पासवान का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

Ram Vilas paswan passed away - India TV Hindi
Ram Vilas paswan passed away Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के संस्‍थापक रामविलास पासवान का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने 74 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बेटे चिराग पासवान ने ये जानकारी खुद ट्वीट कर दी है। राम विलास पासवान बीते कुछ दिनों से बीमार थे और दिल्ली के एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में भर्ती थे। लोक जनशक्ति पार्टी के 74 वर्षीय संरक्षक पासवान का कुछ दिन पहले एक अस्पताल में हृदय का ऑपरेशन हुआ था। वह पांच दशक से अधिक समय से सक्रिय राजनीति में थे और देश के जाने-माने दलित नेताओं में से एक थे। पासवान उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री थे।

बेटे चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में लिखा, 'पापा....अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं. Miss you Papa.'

केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक संवेदना व्यक्त की है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने शोक संदेश में कहा, "केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।" राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर आगे कहा, "आपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गजों से लोकसेवा की सीख लेने वाले पासवान फायरब्रांड समाजवादी के रूप में उभरे। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना है।"

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'रामविलासजी के निधन से बिहार राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ी रिक्तता पैदा हो गयी है। उनके साथ मेरी बहुत लम्बी और अच्छी मित्रता थी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। इस दुःख की घड़ी में ईश्वर उनके परिवार एवं समर्थकों को संबल प्रदान करें। ॐ शान्ति!'

राजनाथ सिंह ने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि 'केंद्रीय मंत्री श्री रामविलास पासवान जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा ग़रीबों, दलितों एवं वंचितों के कल्याण के लिए काम किया। उनकी गिनती बिहार की मिट्टी से जुड़े क़द्दावर नेताओं में थी और उनके सभी दलों के साथ अच्छे सम्बंध थे।'

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि 'रामविलास पासवान जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। ग़रीब-दलित वर्ग ने आज अपनी एक बुलंद राजनैतिक आवाज़ खो दी। उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएँ।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत