1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुरुवार को रमजान के महीने का पहला रोजा, मस्जिदों में किया गया ऐलान

गुरुवार को रमजान के महीने का पहला रोजा, मस्जिदों में किया गया ऐलान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 17, 2018 12:00 am IST,  Updated : May 17, 2018 12:00 am IST

देश के प्रमुख मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा ए हिंद और अन्य उलेमा ने आज यहां ऐलान किया​ कि कल यानी गुरूवार को पहला रोजा होगा।  इस बाबत शहर की मस्जिदों में भी ऐलान किया गया है। 

Ramzan representative image- India TV Hindi
Ramzan representative image

नयी दिल्ली: देश के प्रमुख मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा ए हिंद और अन्य उलेमा ने आज यहां ऐलान किया​ कि कल यानी गुरुवार को पहला रोजा होगा। इस बाबत शहर की मस्जिदों में भी ऐलान किया गया है। इमारत-ए-शरिया हिंद के सचिव मुइजुद्दीन ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि रूयत-ए-हिलाल कमेटी और इमारत-ए-शरीया हिंद की यहां एक बैठक हुई जिसमें बताया गया कि तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में आज चांद दिखा है। उन्होंने बताया कि रूयत-ए-हिलाल कमेटी और इमारत-ए-शरिया हिंद ने घोषित किया है कि 17 मई को रमजान के महीने का पहला दिन है यानी कल पहला रोजा होगा। 

दिल्ली के कई इलाकों की मस्जिदों में भी ऐलान किया गया है कि गुरुवार को पहला रोजा होगा। फतेहपुरी मस्जिद के इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने भी कल से रमजान का महीना शुरू होने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में मौसम खराब है। इस वजह से हो सकता है यहां चांद नहीं दिखा हो। इसलिए हमने दक्षिण भारत के राज्यों में चांद दिखने की तस्दीक को मान लिया है। 

रमजान के महीने का चांद दिखने के साथ ही मस्जिदों में रमजान की विशेष नमाज तराहवी भी शुरू हो गई। तराहवी की नमाज में कुरान शरीफ को सुनाया जाता है। गौरतलब है कि ऐसा बहुत कम देखने में आता है जब भारत और खाड़ी क्षेत्र में एक साथ रोजे शुरू हों। अमूमन खाड़ी देशों में रमजान का ऐलान होने के एक दिन बाद भारत के हिस्सों में रोजे शुरू होते हैं। सउदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में भी कल से ही रमजान शुरू हो रहे हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत