1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) मुख्यालय में सीबीआई का छापा, निदेशक सहित छह गिरफ्तार

भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) मुख्यालय में सीबीआई का छापा, निदेशक सहित छह गिरफ्तार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 17, 2019 11:50 pm IST,  Updated : Jan 17, 2019 11:50 pm IST

सीबीआई ने कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में बृहस्पतिवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के निदेशक सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। 

CBI- India TV Hindi
CBI

नयी दिल्ली: सीबीआई ने कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में बृहस्पतिवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के निदेशक सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यहां लोदी रोड इलाके में स्थित खेल प्रशासक के कार्यालय में छापे के दौरान गिरफ्तारियां की गयीं। 

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने साई के निदेशक एस के शर्मा, कनिष्ठ लेखा अधिकारी हरिंदर प्रसाद, सुपरवाइजर ललित जॉली और यूडीसी वी के शर्मा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा निजी ठेकेदार मंदीप आहूजा और उनके कर्मचारी यूनुस को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि 19 लाख रूपये का बिल लंबित था और इसे मंजूरी प्रदान करने के लिए साई अधिकारी तीन प्रतिशत राशि की मांग कर रहे थे। 

साई सूत्रों ने बताया कि सीबीआई के अधिकारी शाम में करीब पांच बजे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम स्थित साई मुख्यालय पहुंचे और कथित कर्मचारियों की तलाश एवं पूछताछ के लिए पूरे परिसर को सील कर दिया। सीबीआई की कार्रवाई अब भी जारी है। सूत्रों ने बताया कि साई महानिदेशक नीलम कपूर ने सीबीआई के समक्ष यह मामला उठाया था। उसके बाद एजेंसी ने छापे मारे। 

उन्होंने कहा कि साई महानिदेशक के समक्ष यह मामला छह महीने पहले आया जिसके बाद उन्होंने खेल मंत्री को इसकी जानकारी दी। मंत्री के जोर देने पर महानिदेशक ने सीबीआई को पत्र लिखा। आरोपी कर्मचारियों पर कार्यालय के लिए स्टेशनरी खरीदने की जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि साई में एक साल से अधिक समय से अनियमितताएं चल रही थीं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत