1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के कारण कटरा में प्रतिबंध

श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के कारण कटरा में प्रतिबंध

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 17, 2015 02:40 pm IST,  Updated : Dec 17, 2015 02:40 pm IST

रियासी जिले में माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटरा में यात्रियों के लिए नया बैट्री कार पथ खोले जाने के खिलाफ श्रमिकों और पिट्ठुओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुये सीआरपीसी की धारा 144 लगा दी गयी है।

Mata Vaishnodevi- India TV Hindi
Mata Vaishnodevi

जम्मू: रियासी जिले में माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटरा में यात्रियों के लिए नया बैट्री कार पथ खोले जाने के खिलाफ श्रमिकों और पिट्ठुओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुये सीआरपीसी की धारा 144 लगा दी गयी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, श्रमिकों, टट्टू वालों और पिट्ठुओं के विरोध प्रदर्शन के कारण पैदा हुई कानून एवं व्यवस्था की समस्या की आशंका के मद्देनजर कटरा शहर में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस एवं टट्टू वालों -पिट्ठुओं के बीच कल देर रात उस समय संघर्ष हो गया जब पुलिस आमरण अनशन कर रहे पांच लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ जाने पर उन्हें अस्पताल ले गयी।

आमरण अनशन कर रहे कटरा संघर्ष समिति :केएसएस: के पांच सदस्यों को मध्य रात्रि में जिला अस्पताल रियासी में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया, आमरण अनशन पर बैठे पांच लोगों को अस्पताल ले जाने के बाद देर रात मामूली लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।

इस महीने की शुरूआत में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा बैट्री कारों के लिए मंदिर तक नया रास्ता खोले जाने के विरोध में श्रमिक, टट्टू वाले और पिट्ठू आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों को अपना समर्थन देते हुये इस छोटे पवित्र शहर के सभी व्यापारियों, कारोबारियों और होटल मालिकों ने केएसएस बैनर के तले बंद का आयोजन किया जिसके कारण आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत