1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान से भारत आया था शाहरुख खान का फैन, 6 महीने की जेल के बाद हुआ रिहा

पाकिस्तान से भारत आया था शाहरुख खान का फैन, 6 महीने की जेल के बाद हुआ रिहा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 29, 2018 04:00 pm IST,  Updated : Dec 29, 2018 04:00 pm IST

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले के मिंगोरा निवासी अब्दुल्ला को भारतीय अधिकारियों ने 28 मई 2017 को उस समय गिरफ्तार कर लिया था जब वह वाघा सीमा गेट पर हर शाम होने वाली ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह में शामिल होने आया था।

Shahrukh Khan- India TV Hindi
Shahrukh Khan

पेशावर: हिन्दी फिल्मों के कलाकार शाहरुख खान और काजोल से मिलने की ख्वाहिश लिए सीमा पार करने वाला 22 साल का पाकिस्तानी युवक 6 महीने भारतीय जेल में बिताकर स्वदेश लौट आया। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले के मिंगोरा निवासी अब्दुल्ला को भारतीय अधिकारियों ने 28 मई 2017 को उस समय गिरफ्तार कर लिया था जब वह वाघा सीमा गेट पर हर शाम होने वाली ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह में शामिल होने आया था।

समारोह के बाद उसने ‘जीरो लाइन’ पार की और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों को बताया कि वह शाहरुख और काजोल से मिलना चाहता है।

अधिकारियों ने कहा कि उसे नई दिल्ली के पाकिस्तानी उच्चायोग द्वारा जारी आपातकालीन यात्रा प्रमाणपत्र के आधार पर अटारी-वाघा सीमा के जरिए बुधवार को स्वदेश वापस भेजा गया। अपने घर पहुंचने पर उसके रिश्तेदारों, पड़ोसियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने माला पहनाकर उसका स्वागत किया।

स्वात के स्थानीय मीडिया से बात करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि वह शाहरुख और काजोल का बहुत बड़ा प्रशंसक है और उसने कलाकारों से मिलने के लिए सीमा पार की थी। उसने कहा, ‘‘भारत के सीमा सुरक्षा बल ने मुझे गिरफ्तार किया और एक थाने में स्थानान्तरित किया। इसके बाद मुझे केन्द्रीय कारागार अमृतसर भेजा गया।’’

उसने कहा, ‘‘मैंने जेल अधिकारियों के जरिये भारत सरकार को पत्र लिखकर शाहरुख और काजोल से मिलने का इंतजाम करने का अनुरोध किया लेकिन मेरे आग्रह पर कोई जवाब नहीं मिला।’’ हालांकि, अब्दुल्ला ने पाकिस्तानी नागरिकों से भारत में गैरकानूनी तरीकों से प्रवेश नहीं करने की अपील की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत