1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. साईं बाबा जन्मस्थल विवाद: श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर, कल खुला रहेगा शिरडी

साईं बाबा जन्मस्थल विवाद: श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर, कल खुला रहेगा शिरडी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 19, 2020 08:28 pm IST,  Updated : Jan 19, 2020 09:11 pm IST

साईं बाबा के जन्मस्थान को लेकर छिड़े विवाद के बाद शिरडी में रविवार को बुलाया गया एक दिन का बंद मध्यरात्रि के बाद वापस ले लिया जाएगा। 

Shirdi- India TV Hindi
Representational Image Image Source : FILE

शिरडी। साईं बाबा के जन्मस्थान को लेकर छिड़े विवाद के बाद शिरडी में रविवार को बुलाया गया एक दिन का बंद मध्यरात्रि के बाद वापस ले लिया जाएगा। शिरडी से शिवसेना सांसद सदाशिव लोखंडे ने रविवार की शाम स्थानीय लोगों के साथ मुलाकात के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुद्दे पर चर्चा के लिए सोमवार को मुंबई में बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में पाथरी और शिरडी के प्रतिनिधियों, भाजपा विधायक राधाकृष्ण विखे पाटिल, लोखंडे और शिरडी मंदिर न्यास के सीईओ शामिल होंगे। रविवार को बंद की वजह से शिरडी में दुकानें, भोजनालय एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और वाहन भी सड़कों से नदारद रहे। 

दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई 

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने रविवार को कहा कि शिरडी में बंद के कारण साई बाबा का दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है। उन्होंने साईबाबा के वास्तविक जन्म स्थान को लेकर उपजे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान का भी आह्वान किया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भुजबल ने कहा, ‘‘जब मैंने शिरडी में रोजाना आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या के बारे में जानकारी मांगी तो बताया गया कि इसमें करीब 10,000 की कमी आई है। मुझे यह भी पता चला कि लोगों ने शिरडी के होटलों में बुकिंग रद्द कराई है।’’ 

उद्धव ठाकरे के बयान की वजह से हुआ विवाद

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा परभणी जिले के पाथरी को साईबाबा का जन्म स्थान बताने के बयान के खिलाफ रविवार को शिरडी बंद रहा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस तरह का बंद और प्रदर्शन शिरडी के लिए ठीक नहीं है। इससे पहले श्री साईबाबा संस्थान न्याय के पूर्व सदस्य सचिन ताम्बे ने बताया कि शिरडी आने वाले श्रद्धालुओं को बंद की वजह से कोई परेशानी नहीं हुई। अहमदनगर जिला प्रशासन के अधिकारी ने बताया कि शिरडी के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की पहले से बुकिंग है, उन्हें रहने दिया जा रहा है।

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत