1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus Cases in India: 24 घंटे में रिकॉर्ड 15413 नए कोरोना मामले, लेकिन 13920 लोग ठीक भी हुए

Coronavirus Cases in India: 24 घंटे में रिकॉर्ड 15413 नए कोरोना मामले, लेकिन 13920 लोग ठीक भी हुए

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 21, 2020 09:38 am IST,  Updated : Jun 21, 2020 09:38 am IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस से 13920 लोग ठीक हुए हैं। इन मामलों के साथ देश में अब कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 227755 हो गया है

State wise coronavirus cases deaths and cured cases in...- India TV Hindi
State wise coronavirus cases deaths and cured cases in India  Image Source : AP

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं, हालांकि नए मामले बढ़ने के साथ कोरोना मरीजों की ठीक होने की रफ्तार भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे यानि शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर रविवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कुल 15413 नए कोरोना वायरस मामले सामने आए हैं जो एक दिन में आए सबसे अधिक केस हैं। नए 15413 कोरोना मामलों के साथ अब देश में कुल 410461 केस हो चुके हैं, हालांकि इन मामलों में एक्टिव केस 169451 ही हैं।

देश में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने के साथ संक्रमण से मुक्त होकर ठीक होने वालों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस से 13920 लोग ठीक हुए हैं। इन मामलों के साथ देश में अब कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 227755 हो गया है। देश में अब कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 55 प्रतिशत के पार हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर अकेले दिल्ली में ही 7725 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।

कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी देश में लगातार बढ़ रही है, देश में कोरोना वायरस से मृत्यु की दर 3 प्रतिशत के ऊपर पहुंच चुकी है। पिछले 24 घंटे के अंदर ही देश में कोरोना वायरस की वजह से 306 लोगों की जान जाने की खबर है। अबतक यह जानलेवा वायरस देश में 13254 लोगों की जान ले चुका है। कोरोना वायरस की वजह से देशभर में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र और दिल्ली में ही हुई हैं। महाराष्ट्र में अबतक यह वायरस 5984 लोगों की जान ले चुका है जबकि दिल्ली में कोरोना वायरस की वजह से अबतक 2112 लोगों की जान गई है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा 89.15 लाख को पार कर गया है और 4.66 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 47.38 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर लगभग 23.30 लाख केस सामने आ चुके हैं और 1.21 लाख लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 10.7 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 49 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 5.76 लाख केस सामने आ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत