1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तमिलनाडु में कोरोना के 2089 नए केस मिले, नौ मरीजों की मौत

तमिलनाडु में कोरोना के 2089 नए केस मिले, नौ मरीजों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 27, 2021 08:17 pm IST,  Updated : Mar 27, 2021 08:17 pm IST

तमिलनाडु में शनिवार को कोविड-19 के 2,089 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,77,279 हो गई। राज्य में नौ और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12,659 हो गई।

तमिलनाडु में कोरोना के 2089 नए केस मिले, नौ मरीजों की मौत- India TV Hindi
तमिलनाडु में कोरोना के 2089 नए केस मिले, नौ मरीजों की मौत Image Source : PTI

चेन्नई: तमिलनाडु में शनिवार को कोविड-19 के 2,089 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,77,279 हो गई। राज्य में नौ और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12,659 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। एक बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में 80 दिनों से ज्यादा समय के बाद 19 मार्च को संक्रमण के नए 1,087 मामले सामने आए थे। वहीं राज्य में 17 जून,2020 को 2,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए थे। 

बुलेटिन के अनुसार यहां 1,241 मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिली है, जिसके बाद कुल संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 8,52,463 हो गई। यहां अब 12,157 मरीजों का उपचार चल रहा है। संक्रमण के सबसे ज्यादा 775 नए मामले चेन्नई से सामने आए हैं और यहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,45,483 हो गई।

देश में कोरोना के 62258 केस मिले

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 62,258 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही शनिवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,19,08,910 हो गई। यह इस वर्ष की अब तक की सर्वाधिक संख्या है। शनिवार को अद्यतन किए गए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार यह जानकारी सामने आई है। 

मंत्रालय के आँकड़ों के अनुसार, लगातार 17वें दिन नए मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। देश में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4,52,647 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.80 प्रतिशत है, जबकि मरीजों के ठीक होने की दर घटकर 94.85 प्रतिशत रह गई है। 

देश में 24 घंटे की अवधि में 62,258 नए मामले सामने आए, जो 16 अक्टूबर, 2020 के बाद एक दिन में सर्वाधिक हैं। संक्रमण से 291 और मरीजों की मौत होने से देश में इस महामारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,61,240 हो गई। 

पिछले साल 16 अक्टूबर को 24 घंटे के अंतराल में संक्रमण के 63,371 नए मामले सामने आए थे। आँकड़ों में कहा गया है कि अब तक इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,12,95,023 हो गई है, जबकि संक्रमण से मृत्यु दर घटकर 1.35 फीसदी तक रह गई है। 

देश में हुई 291 नई मौतों में 112 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं, जबकि पंजाब में 59, छत्तीसगढ़ में 22, केरल में 14 और कर्नाटक में 13 मौतें हुई हैं। देश में संक्रमण से अब तक कुल 1,61,240 मौतें हुई हैं, जिनमें महाराष्ट्र में 53,907, तमिलनाडु में 12,650, कर्नाटक में 12,484, दिल्ली में 10,987, पश्चिम बंगाल में 10,320, उत्तर प्रदेश में 8,779 , आंध्र प्रदेश में 7,203 और पंजाब में 6,576 मौतें हुई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।