1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Tauktae cyclone: मुंबई एयरपोर्ट शाम 6 बजे तक बंद रखने का फैसला, गुजरात और दीव में अलर्ट

Tauktae cyclone: मुंबई एयरपोर्ट शाम 6 बजे तक बंद रखने का फैसला, गुजरात और दीव में अलर्ट

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 17, 2021 10:21 am IST,  Updated : May 17, 2021 04:01 pm IST

मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कहा जा रहा है कि मुंबई में आज दोपहर 2 बजे तक इस महातूफान का सबसे ज्यादा असर होगा। इस चक्रवाती तूफान की वजह से मुंबई हवाईअड्डे का परिचालन 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए बंद किया जाएगा।

नई दिल्ली. तूफान 'टाउ टे' चक्रवाती तूफान में बदल चुका है। देश के 6 राज्यों में 'टाउ-टे' से हड़कंप मचा है। ये चक्रवाती तूफान इस वक्त मुंबई के पास समंदर में एक्टिव है, जिसकी वजह से मुंबई और आसपास तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से एयरपोर्ट को बंद रखने का फैसला किया गया है। मुंबई एयरपोर्ट आज यानि सोमवार 6 बजे तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। पहले 10 बजे से 1 बजे तक बंद किया गया था फिर 4 बजे तक बंद रखने का फैसला हुआ और अब 6 बजे तक किया गया है। 

'टाउ-टे' से महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी में भी भारी बारिश जारी है। ये तूफान आज शाम तक गुजरात तट पर पहुंचेगा और कल सुबह पोरबंदर के पास 'टाउ-टे' का लैंडफॉल होगा। 'टाउ-टे' को लेकर इंडियन एयरफोर्स भी एक्शन में है। वायुसेना ने दो C-130J और AN-32 एयरक्राफ्ट को लगाया है, जिससे 167 NDRF जवानों को अहमदाबाद भेजा जा रहा है।

महाराष्ट्र, गुजरात में मछली पकड़ने वाली सभी नौकाएं बंदरगाहों पर लौटीं

गुजरात तट की ओर 'टाउ टे' के तेजी से बढ़ने के साथ भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र और गुजरात में मछली पकड़ने वाली सभी नौकाएं नजदीकी बंदरगाहों पर पहुंच गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 'टाउ टे' "काफी भीषण चक्रवाती तूफान" में परिवर्तित हो गया है। तटरक्षक बल ने ट्वीट किया, "मत्स्य विभाग के साथ प्रभावी एवं निरंतर संवाद तथा मछुआरों को समय पर आईसीजी के पोत एवं विमानों ने मौसम के प्रति अलर्ट किया गया जिससे महाराष्ट्र की सभी 4526 नौकाएं और गुजरात की 2258 नौकाएं सुरक्षित रूप से बंदरगाहों तक पहुंच गई हैं।"

आईएमडी ने कहा कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं उत्तर-पूर्व अरब सागर एवं गुजरात तथा दमन एवं दीव के तटों पर रविवार की सुबह से चल रही हैं। आईएमडी ने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के चक्रवात चेतावनी विभाग के मुताबिक, 18 मई तक 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 

MP के विभिन्न हिस्सों में हुई हल्की बारिश, चली तेज हवाएं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अरब सागर के तटीय इलाकों में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'टाउ टे' के चलते रविवार शाम को मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हुई। आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि चक्रवात 'टाउ टे' के प्रभाव से मध्य प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन एवं जबलपुर संभागों तथा अन्य हिस्सों में रविवार शाम को हल्की बारिश हुई एवं कुछ स्थानों पर 32 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली।

उन्होंने कहा कि 'टाउ टे' के चलते मध्य प्रदेश में नमी आ रही है, जिसके कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने के साथ-साथ तेज हवाएं चल रही हैं। साहा ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से अगले दो दिनों तक मध्य प्रदेश के पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं पर गरज के साथ बारिश एवं 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, सोमवार से अगले दो दिनों तक मध्य प्रदेश के पूर्वी भागों में कहीं-कहीं पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साहा ने बताया कि प्रदेश के सीधी एवं उमरिया जिलों में रविवार शाम को तीन-तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रविवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रायसेन एवं शाजापुर जिलों में दर्ज किया गया। 

मांडविया ने पश्चिमी तट के बंदरगाहों की तैयारी का जायजा लिया
चक्रवात 'टाउ टे' के तेजी से गुजरात के तट की तरफ बढ़ने के बीच बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को देश के पश्चिमी तटीय इलाकों के सभी राज्यों में बंदरगाह और समुद्री क्षेत्र के बोर्ड की तैयारियों की समीक्षा की। मांडविया ने ट्वीट जारी कर कहा, "चक्रवात 'टाउ टे' को देखते हुये देश के पश्चिमी तटीय क्षेत्र के सभी राज्यों में बंदरगाहों और मेरीटाइम बोर्ड की तैयारियों की समीक्षा की।" उन्होंने ट्वीट में कहा, "उन्हें नुकसान को कम से कम रखने की संभावना के साथ लोगों की सुरक्षा के लिये हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिये। बंदरगाहों ने परिस्थिति का मुकाबला करने के लिये तैयार रहने का आश्वासन दिया।" 

अमित शाह ने की गोवा के मुख्यमंत्री से बात
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को फोन करके राज्य में 'टाउ टे' से निपटने के लिए की गयी तैयारियों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। शाह ने राज्य की मौजूदा स्थिति के अलावा चक्रवात से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों तथा आपात परिस्थिति के लिए तैनात किए गए केन्द्रीय और राज्य सरकार की एजेंसियों के बारे में भी जानकारी मांगी।

गृह मंत्री ने गोवा के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और दमन एवं दीव में चक्रवात से निपटने के लिए की गयी तैयारियों की भी समीक्षा की और साथ ही कहा कि हर संभव तरीके से कोविड-19 के मरीजों के इलाज के साथ अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गांवा में चक्रवात के कारण हुई अलग अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि सैकड़ों घरों का नुकसान पहुंचा और बिजली के खंभे एवं पेड़ उखड़ गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत