1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार में “कृष्ण और अर्जुन की मुलाकात”, तैयार हुई ‘दुश्मनों’ को धराशाई करने की रणनीति!

बिहार में “कृष्ण और अर्जुन की मुलाकात”, तैयार हुई ‘दुश्मनों’ को धराशाई करने की रणनीति!

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 06, 2019 07:34 am IST,  Updated : Jan 06, 2019 07:44 am IST

RJD के अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।

तेज प्रताप यादव और...- India TV Hindi
तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव Image Source : TWITTER

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने शनिवार की देर शाम अपने छोटे भाई और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने राजनीतिक विषयों पर चर्चा की। बता दें कि तेज प्रताप अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक की अर्जी अदालत में दाखिल करने के बाद से अपने परिजनों से कुछ समय से दूर रह रहे थे।

तेजस्वी के आवास पर पहुंचकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप ने लगभग 45 मिनट तक अपने छोटे भाई से मुलाकात की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा कि ये मुलाकात ‘‘कृष्ण और अर्जुन की मुलाकात’’ है। इस मुलाकात से बिहार और देश में उनके जितने भी 'दुश्मन' हैं, वे धराशायी हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से वे अपने छोटे भाई से मिल नहीं सके थे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी को उन्होंने नए साल की बधाई दी और आशीर्वाद दिया। दोनों ने राजनीतिक विषयों पर चर्चा की और किसी अन्य विषय पर उनकी बात नहीं हुई। ये पूछे जाने पर कि तेजस्वी से किन राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई, इस पर तेज प्रताप ने कहा कि पार्टी को कैसे मजबूत करना है और RJD में अच्छे लोगों को कैसे जोड़ना है इसे लेकर चर्चा हुई ।

उन्होंने बताया कि RJD द्वारा आगे चलाए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर तेजस्वी के साथ चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने अपने पिता और RJD प्रमुख लालू प्रसाद के निर्देश का दोनों भाइयों द्वारा भविष्य में पालन करने की बात भी कही। वहीं, इससे इतर बता दें कि तेजस्वी ने इस मुलाकात के दौरान अपने बड़े भाई का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। तेज प्रताप ने उनके सिर पर हाथ रख कर आशीर्वाद दिया।

तेज प्रताप ने पिछले दिनों अपनी मां राबड़ी देवी से मुलाकात की थी। राबड़ी देवी से तेज प्रताप की मुलाकात के समय तेजस्वी दिल्ली में थे। उल्लेखनीय है कि अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने के लिए पटना की एक अदालत में अर्जी देने के बाद से तेज प्रताप अपने घर नहीं जा रहे थे और अपने परिवार से अलग रह रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत