1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. J&K: श्रीनगर में आतंकियों ने पुलिसकर्मी की गोली मारकर की हत्या, राज्यपाल सिन्हा ने जताया दुख

J&K: श्रीनगर में आतंकियों ने पुलिसकर्मी की गोली मारकर की हत्या, राज्यपाल सिन्हा ने जताया दुख

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 07, 2021 09:50 pm IST,  Updated : Nov 07, 2021 11:29 pm IST

अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। इस बीच, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने हमले की निंदा की है।

Srinagar Police (Representative Image)- India TV Hindi
Srinagar Police (Representative Image) Image Source : PTI/FILE

श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर): श्रीनगर के बटमालू इलाके में रविवार को आंतकवादियों के हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि कॉन्स्टेबल की पहचान तौसिफ अहमद के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया, “रात करीब आठ बजे, आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के कॉन्स्टेबल तौसिफ अहमद पर बटमालू स्थित एसडी कॉलोनी में उसके आवास के पास गोलियां चलाईं।” 

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। इस बीच, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने हमले की निंदा की है। 

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ट्वीट किया, “श्रीनगर के बटमालू में 29 वर्षीय पुलिसकर्मी पर किए गए कायरतापूर्ण हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं, जिसमें उसने अपनी जान गंवा दी। निंदा के लिए शब्द पर्याप्त नहीं होंगे। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।”

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को श्रीनगर में पुलिसकर्मी की हत्या पर दुख व्यक्त किया है। मनोज सिन्हा ने कहा कि  तौसीफ वानी की हत्या की कड़ी निंदा करता हूं। ये हमला आतंकियों की कायरता का सबूत है। अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शहीद के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत