चेन्नई: आर.के. नगर उपचुनाव में आज दोपहर तक 35.5 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया। आय से अधिक संपत्ति मामले में बरी किये जाने के बाद तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता इस सीट से भाग्य आजमा रही हैं। राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बल के कर्मियों की कड़ी सुरक्षा के बीच विभिन्न मतदान केंद्रों पर लोग मतदान के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिखे।
चुनाव आयोग ने 230 मतदान केंद्रों में से 22 को संवेदनशील के तौर पर चिन्हित किया है। भाकपा के सी महेंद्रन और सामाजिक कार्यकर्ता ट्रैफिक रामास्वामी भी मुकाबले में हैं। जयललिता के निर्वाचन के लिए अन्नाद्रमुक के पी वेटरिवल ने यह सीट खाली की थी जिसके बाद यह उपचुनाव कराया जा रहा है।
जयललिता को मुख्यमंत्री बनने के छह महीने के भीतर विधायक के तौर पर निर्वाचित होने की संवैधानिक जरूरतों को पूरा करना है। आय के ग्यात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले में जयललिता को सितंबर में बेंगलूरू की एक निचली अदालत ने दोषी ठहराया था। कर्नाटक उच्च न्यायालय द्वारा इस मामले में बरी किये जाने के बाद वह 23 मई को पुन: राज्य की मुख्यमंत्री बनीं।