नई दिल्ली: त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गयी है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शीर्ष अधिकारियों ने एक बैठक कर शहर में सुरक्षा इंतजामात की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्य के समकक्ष अधिकारियों को भी उनकी तरफ से जरूरी उपाय करने के लिए कहा गया है।
ज़्यादा भीड़भाड़ वाले बाज़ारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
लाजपत नगर, करोल बाग, सरोजिनी नगर, चांदनी चौक और चावड़ी बाजार जैसे प्रमुख बाजारों में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। अधिकारियों ने कहा कि शॉपिंग मॉल, रेस्तरां, पब, मल्टीपलेक्सों और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों में तैनात कर्मियों को ज्यादा सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
शक होने पर हेल्पलाइन नंबर 1090 पर करें सूचित
अधिकारी ने कहा कि पुलिस की नजर शहर के पांच सितारा होटलों पर संभावित खतरे को लेकर भी है और इस दिशा में जरूरी कदम उठाये गये हैं। लोगों को किसी भी तरह की संदेहास्पद गतिविधि देखने पर हेल्पलाइन नंबर 1090 पर फोन करने के लिए कहा गया है।