नई दिल्ली: अपने एग्जिट पोल में बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत का अनुमान जताने वाले टुडेज चाणक्य ने रविवार को चुनाव परिणाम संबंधी अपने गलत अनुमान के लिए माफी मांगी।
टुडेज चाणक्य ने ट्विटर पर लिखा, "हम बिहार को लेकर सही अनुमान न लगा पाने पर अपने दोस्तों और शुभचिंतकों से दिल से माफी मांगते हैं। विजयी गठबंधन को बधाई हो।"
बिहार विधानसभा की 243 सीटों की मतगणना के शुरुआती रुझानों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाला महागठबंधन राजग के नेतृत्व वाले गठबंधन से बहुमत से जीतता दिख रहा हैं।
टुडेज चाणक्य ने पहले दावा किया था कि भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को 155 और जनता दल (युनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस को 83 सीटें मिलेंगी।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवम्बर के बीच पांच चरणों में मतदान हुआ था।