1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पुंछ: पाकिस्तान के BAT के हमले में 2 जवान शहीद, जवाबी कार्रवाई में 2 घुसपैठिये ढेर

पुंछ: पाकिस्तान के BAT के हमले में 2 जवान शहीद, जवाबी कार्रवाई में 2 घुसपैठिये ढेर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 22, 2017 08:04 pm IST,  Updated : Jun 22, 2017 08:50 pm IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) ने 2 भारतीय जवानों की हत्या कर दी। बैट कमांडो ने भारतीय सेना पर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में सेना के 2 जवान शहीद हो गए।

army- India TV Hindi
army

पुंछ: पाकिस्तानी सैनिकों ने आज भारतीय सीमा में 600 मीटर अंदर घुसकर हमला किया जिसमें 2 जवान शहीद हो गए और जवाबी कार्रवाई में पड़ोसी देश के 2 हमलावर मारे गए। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पुंछ सेक्टर में हुए हमले में भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में एक हमलावर जख्मी हो गया जिसे पाकिस्तानी सैनिक अपनी चौकियों से की गई भारी गोलीबारी की आड़ में उठा ले गए।

बोर्डर एक्शन टीम (BAT) ने दोपहर करीब 2 बजे हमले को अंजाम दिया जिन्हें पाकिस्तानी सैनिकों ने अपनी चौकियों से कवर दिया। बैट में पाकिस्तानी सेना के विशेष बल और कुछ आतंकवादी शामिल होते हैं। पुंछ में इस वर्ष बैट ने तीसरी बार यह हरकत की है।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय सेना के एरिया डॉमिनेशन गश्त को सशस्त्र घुसपैठियों ने निशाना बनाया और दोनों तरफसे गोलीबारी हुई। अधिकारी ने बताया, पाकिस्तान की बैट टीम भारतीय सीमा में छह सौ मीटर अंदर और भारतीय चौकियों से दो सौ मीटर दूर थी।

उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की लेकिन दो भारतीय जवान शहीद हो गए। उन्होंने बताया कि 2 घुसपैठिये मारे गए जिनके शव देखे गए।

अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी जारी है और पाकिस्तानी चौकियों से भारी गोलीबारी चल रही है। उन्होंने कहा, अभियान चल रहा है और दोनों तरफ से भारी गोलाबारी हो रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत