1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UIDAI ने कहा, निहित स्वार्थी तत्वों ने फैलाई आधार के खिलाफ अफवाह

UIDAI ने कहा, निहित स्वार्थी तत्वों ने फैलाई आधार के खिलाफ अफवाह

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 05, 2018 09:22 pm IST,  Updated : Aug 05, 2018 09:22 pm IST

UIDAI का कहना है कि किसी फोन के कॉन्टेक्ट लिस्ट में दर्ज नंबर के जरिए उस फोन की सूचनाएं नहीं चुराई जा सकती है।

uidai- India TV Hindi
uidai

नई दिल्ली: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आज कहा कि कुछ स्वार्थी तत्वों ने गूगल की एक भूल का दुरुपयोग कर आधार की छवि खराब करने और लोगों के बीच भय फैलाने का प्रयास किया है। प्राधिकरण का कहना है कि किसी फोन के कॉन्टेक्ट लिस्ट में दर्ज नंबर के जरिए उस फोन की सूचनाएं नहीं चुराई जा सकती है।

प्राधिकरण ने आज कहा कि गूगल की एक गलती से उसका (प्राधिकरण का) पुराना हेल्पलाइन नंबर 18003001947 कई मोबाइल फोन उपयोगकर्ताओं की कॉन्टेक्ट लिस्ट में आ गया था। अफवाह फैलाने वालों ने उसी को लेकर आधार की छवि खराब करने की कोशिश की। प्राधिकरण ने बयान में कहा कि वह ऐसे निहित स्वार्थी तत्वों के प्रयास की ‘निंदा’ करता है जिन्होंने गूगल की एक ‘भूल’ का दुरुपयोग आधार के खिलाफ अफवाह फैलाने के लिए किया।

प्राधिकरण ने कहा है कि कॉन्टेक्ट लिस्ट में किसी हेल्पलाइन नंबर से किसी फोन की सूचनाएं नहीं चुराई जा सकती ‘‘इसलिए इस नंबर को मिटाने में कोई डर नहीं होना चाहिए क्योंकि इससे कोई नुकसान नहीं है। यदि लोग चाहते हैं तो वे उसकी जगह यूआईएडीआई के नए हेल्पलाइन नंबर 1947 को रख सकते हैं।’’

उल्लेखनीय है कि फ्रांस का साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ होने का दावा करने वाले एक ट्विटर यूजर ने पिछले सप्ताह ट्वीट कर इस अफवाह को जन्म दिया था। उसने प्राधिकरण को संबोधित करते हुए इस ट्वीट में कहा था, ‘‘अलग-अलग मोबाइल फोन सेवा कंपनियों के ग्राहक जिनके पास आधार कार्ड है या नहीं और जिन्होंने एमआधार एप का इस्तेमाल भी नहीं किया है, उनके भी फोन की कॉन्टेक्ट लिस्ट में आपका हेल्पलाइन नंबर उन्हें बताए बिना क्यों दर्ज कर दिया गया है?’’

इसके बाद सोशल मीडिया पर आधार के खिलाफ अफवाहों का दौर चलने लगा था जिसके कारण सरकार भी हरकत में आई और गूगल को बयान जारी कर अपनी भूल माननी पड़ी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत