लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने दादरी में गोमांस खाने के आरोप में भीड़ के हाथों एक व्यक्ति के मारे जाने के मामले में अपनी रिपोर्ट केन्द्र सरकार को भेज दी है। गृह विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि दादरी के बिसाहड़ा गांव में गत 28 सितम्बर की रात हुई वारदात की तथ्यात्मक रिपोर्ट सोमवार रात गृह मंत्रालय के पास भेज दी गई। हालांकि प्रवक्ता ने रिपोर्ट में कही गई बातों का जिक्र करने से इनकार कर दिया।
मालूम हो कि गृह मंत्रालय ने खासी सियासी हलचल मचाने वाली दादरी की घटना पर राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी थी। गत 28 सितम्बर की रात को दादरी के बिसाहड़ा गांव में एक मंदिर के लाउडस्पीकर से अराजक तत्वों ने अखलाक नामक व्यक्ति के घर में गाय काटे जाने की अफवाह फैलाई थी जिससे उत्तेजित भीड़ ने उसके घर पर धावा बोल दिया था। मारपीट में अखलाक की मौत हो गई थी जबकि उसका बेटा दानिश गम्भीर रूप से घायल हो गया था। इस वारदात के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (आप), सांसद असदुद्दीन ओवैसी तथा भाजपा विधायक संगीत सोम समेत अनेक नेताओं ने बिसाहड़ा गांव का दौरा किया था जिससे सियासी पारा चढ़ गया था। राज्य सरकार ने अखलाक के परिजन को 30 लाख रुपए तथा उसके तीन भाइयों को पांच-पांच लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की थी।