1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्वोत्तर में भारी बारिश तो राजस्थान-गुजरात में भीषण गर्मी का अलर्ट, बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों में गिर सकते हैं ओले

पूर्वोत्तर में भारी बारिश तो राजस्थान-गुजरात में भीषण गर्मी का अलर्ट, बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों में गिर सकते हैं ओले

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 27, 2025 07:08 am IST,  Updated : Apr 27, 2025 08:25 am IST

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर में बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राज्यों में भी गर्मी का कहर बरकरार रहेगा। बिहार-झारखंड सहित देश के कुछ पूर्वी राज्यों में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।

Heatwave- India TV Hindi
गर्मी से परेशा लोग Image Source : PTI

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार रविवार को दिल्ली के लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 27 अप्रैल, 2025 तक भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। 26 से 29 अप्रैल के बीच पूर्वी और आसपास के मध्य भारत में गरज, बिजली, ओलावृष्टि, तेज/तेज हवाओं के साथ बारिश का एक नया दौर रहेगा। वहीं, उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के मैदानी इलाकों में 30 अप्रैल, 2025 तक लू चलने की संभावना है।

दिल्ली में शनिवार को पिछले तीन वर्ष में सबसे अधिक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी  ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछली बार इससे अधिक तापमान 2022 में दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.1 डिग्री कम है। उसने बताया कि राजधानी में आर्द्रता का स्तर 35 प्रतिशत से 15 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहने तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘‘खराब’’ श्रेणी में रही, जहां शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 247 दर्ज किया गया। 

हरियाणा और पंजाब का हाल

पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भीषण गर्मी रही जबकि बठिंडा में सबसे अधिक 43.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद लुधियाना में 41.3 डिग्री, पठानकोट में 40.5 डिग्री, अमृतसर में 40.2 डिग्री और मोहाली में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा का रोहतक सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरसा और भिवानी में अधिकतम तापमान क्रमश: 42 डिग्री और 41.7 डिग्री दर्ज किया गया जबकि नारनौल में 39.2 डिग्री, गुरुग्राम में 40.3 डिग्री, अंबाला में 41.4 डिग्री और करनाल में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश व आंधी का अनुमान

पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश और आंधी चलने का अनुमान है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। आईएमडी के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 अप्रैल को जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की बारिश होने तथा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसने बताया कि मई के प्रथम सप्ताह में पूर्वी हवाएं प्रभावी होने व दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी तथा तापमान में कमी होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। 

शनिवार सुबह तक चौबीस घंटे की अवधि में राज्य में मौसम शुष्क रहा तथा जयपुर व बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं उष्ण लहर चली। आईएमडी ने कहा कि इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान पिलानी में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान नागौर में 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा। 

झारखंड के 13 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ 

झारखंड के 13 जिलों में रविवार से दो दिनों तक मेघगर्जन और ओलावृष्टि के साथ तेज हवाओं का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मौसम में बदलाव आने पर अत्यधिक गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि हल्की से मध्यम बारिश की संभावना के कारण पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, ‘‘पूरे झारखंड में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है जिससे रविवार से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।’’ 

मौसम विभाग ने कहा कि 26 और 27 अप्रैल को झारखंड के पूर्वोत्तर और मध्य भागों में मेघगर्जन और ओलावृष्टि देखी जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 26 और 27 अप्रैल को 13 जिलों-रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में मेघगर्जन होने, ओलावृष्टि पड़ने और तेज हवाएं चलने का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। (इनपुट- पीटीआई/आईएमडी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत