1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Assembly Election LIVE: असम में 17.87%, केरल में 16.23% और पुडुचेरी में 17.41% तक वोटिंग, 9 बजे तक के आए आंकड़े
  Live Now

Assembly Election LIVE: असम में 17.87%, केरल में 16.23% और पुडुचेरी में 17.41% तक वोटिंग, 9 बजे तक के आए आंकड़े

 Updated : Apr 09, 2026 10:23 am IST

Assembly Election 2026 LIVE: असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की वोटिंग जारी है। दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में वोट डाले जा रहे हैं।

गुवाहाटी में वोट डालने के लिए जुटे लोग- India TV Hindi
गुवाहाटी में वोट डालने के लिए जुटे लोग Image Source : PTI

Assembly Election 2026 LIVE: असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। असम की 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। यानी 2 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश के कुल 296 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं। असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान हो रहे हैं।

2 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। इन सभी राज्यों के वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। वोटिंग को लेकर इन तीनों ही राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

विधानसभा चुनाव में असम और केरल की कई सीटें ऐसी हैं, जिन्हें हाई-प्रोफाइल और प्रतिष्ठित सीटें माना जा रही हैं। इन सीटों पर बड़े नेताओं की साख दांव पर है और इनके नतीजे चुनाव की दिशा तय कर सकते हैं।

असम की दिसपुर, जोरहाट, डिब्रूगढ़, नगांव, सिलचर, धुबरी इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र की अहम सीट राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं, केरल की तिरुवनंतपुरम, नेमोम, पलक्कड़, त्रिशूर, मंजेश्वरम और कोझिकोड नॉर्थ सीट राज्य की हॉट सीटें हैं, जिस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

Live updates :Assembly Election 2026 LIVE:

Auto Refresh
Refresh
  • 10:08 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    सुबह 9 बजे तक तीनों राज्यों के आए वोटिंग प्रतिशत

    असम, केरल और पुडुचेरी में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे हुए हैं। वोटिंग के जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक आज हो रहे विधानसभा चुनाव में सुबह 9 बजे तक तीनों राज्यों में मतदान ने रफ्तार पकड़ ली है।

    सुबह 9 बजे तक मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा है:

    • असम — 17.87%
    • केरल — 16.23%
    • पुडुचेरी — 17.41%

    सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। शुरुआती रुझानों में असम सबसे आगे नजर आ रहा है, जबकि केरल और पुडुचेरी में भी मतदान लगातार बढ़ रहा है। चुनाव अधिकारियों को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और तेजी आएगी और दोपहर बाद वोटिंग अपने चरम पर पहुंच सकती है।

  • 9:28 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    केरल में बनेगी UDF की सरकार- जेबी माथेर

    केरल की आलुवा विधानसभा सीट पर कांग्रेस की राज्यसभा सांसद जेबी माथेर ने अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, 'मैंने वोट डाल दिया है। केरल की जनता ने तय कर लिया है कि केरल में UDF की सरकार बनेगी और उसे 100 सीटें मिलेंगी।'

  • 9:06 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    केसी वेणुगोपाल ने केरल में डाला वोट

    केरल में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं। कांग्रेस महासचिव (संगठन) और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने अंबालापुझा के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला है। केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है।

  • 8:35 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    केरल में अब तक 4.40 प्रतिशत हुआ मतदान

    केरल विधानसभा चुनाव के तहत मतदान की शुरुआत के साथ ही शुरुआती घंटों में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक कुल 4.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही धीरे-धीरे बढ़ रही है और चुनाव अधिकारियों को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में तेजी आएगी।

     

  • 8:31 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    सीएम पिनरायी विजयन ने डाला वोट

    केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने धर्मडम में अपना वोट डाला, जब CM पहुंचे तो बूथ में मतदाताओं की लम्बी कतार थी लेकिन उन्हें सीधी एंट्री मिली। मतदान के बाद बूथ के बाहर मीडिया को सम्बोधित करते हुए CM ने कहा कि ये चुनाव केरल के भविष्य का चुनाव है विकसित केरल को और ज्यादा गति LDF ही दे सकती है। कठिन चुनौतियों के बावजूद LDF के 10 साल का ट्रेक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है।  जनता उससे पहले के शासन को भी नहीं भूली है, CM ने कहा कि अगर LDF नहीं है तो राज्य में विकास की गति पर ब्रेक लग जायेगा।

  • 7:59 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    चुनाव के बीच पीएम मोदी ने असम के लोगों से की खास अपील

    पीएम मोदी ने असम के लोगों से भी खास अपील की है। आज असम की 126 विधानसभा पर वोट डाले जा रहे हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, '2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू होने के संदर्भ में, मैंने असम की जनता से बड़ी संख्या में बाहर आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा, पुरुष और महिला मतदाता पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र तथा नागरिक कर्तव्य के एक उत्सव में बदल देंगे।'

  • 7:55 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    पुडुचेरी के मतदाताओं से पीएम मोदी की अपील

    केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग हो रही है। पीएम मोदी ने पुडुचेरी के लोगों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'जैसे ही पुडुचेरी विधानसभा चुनाव शुरू हो रहे हैं, मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूं कि वे बाहर निकलें और रिकॉर्ड संख्या में मतदान में हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करें। पुडुचेरी के भविष्य को संवारने में हर एक वोट मायने रखता है।'

  • 7:50 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    वोटिंग के बीच केरल के लोगों से पीएम मोदी की खास अपील

    केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इस बीच पीएम मोदी ने केरल के लोगों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'मैं केरल के लोगों से 2026 के विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान करता हूं। रिकॉर्ड भागीदारी केरल की लोकतांत्रिक भावना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूं कि वे आगे आएं और बड़ी संख्या में मतदान करें।'

  • 7:08 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    CPI(M) नेता एलामराम करीम ने जनता से की अपील

    केरल के कोझिकोड में CPI(M) नेता एलामराम करीम ने कहा, 'मैं मतदाताओं से खासकर कोझिकोड जिले के मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे LDF के पक्ष में अपना वोट डालें। LDF ने चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करके अपनी विश्वसनीयता साबित की है। (2021 के चुनावों में किए गए) 97% वादे पूरे किए जा रहे हैं। बाकी वादे भी पूरे होने की प्रक्रिया में हैं। राजनीतिक पार्टियों के मामले में यह एक विश्व रिकॉर्ड है। कांग्रेस ने अपने चुनावी वादों को कभी पूरा नहीं किया है।'

  • 7:05 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    पोलिंग सेंटर के बाहर वोट डालने के लिए उत्साहित हैं Gen-Z

    असम के दिसपुर में सरुमटोरिया LP स्कूल पोलिंग स्टेशन के बाहर वोटरों की कतार लगी हुई है। एक युवा वोटर ने कहा, 'इस बार यह बहुत चुनौतीपूर्ण है क्योंकि कई विवाद चल रहे हैं। हम नतीजों को लेकर उत्साहित हैं। इस बार कई Gen-Z उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, तो देखते हैं क्या होता है।'

  • 6:57 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    वोट डालने पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी

    केरल की नट्टिका विधानसभा सीट से LDF उम्मीदवार गीता गोपी और केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी, त्रिशूर के गुरुवायूर देवसोम इंग्लिश मीडियम स्कूल में वोट डालने पहुंचे। सुरेश गोपी केरल के त्रिशूर से सांसद हैं, केंद्र में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री भी हैं।  इस दौरान उनके समर्थक भी मतदान सेंटर पर दिखाई दिए।

  • 6:50 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र में की गई मॉक पोलिंग

    केरल के वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 77-79 के लिए सेंट जोसेफ HSS स्कूल में मतदान की तैयारियों के तहत मॉक पोलिंग की गई। इस दौरान देखा गया कि ईवीएम मशीन सही से काम कर रही हैं कि नहीं। मतदान केंद्र में वोटिंग के दौरान किसी तरह की कोई समस्या तो नहीं आ रही है। मॉक पोलिंग में इन सारी चीजों को देखा गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत