1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बीजेपी के 44वें स्थापना दिवस पर बोले प्रधानमंत्री- बादशाही मानसिकता वाले कह रहे "मोदी तेरी कब्र खुदेगी"

बीजेपी के 44वें स्थापना दिवस पर बोले प्रधानमंत्री- बादशाही मानसिकता वाले कह रहे "मोदी तेरी कब्र खुदेगी"

 Published : Apr 06, 2023 09:48 am IST,  Updated : Apr 06, 2023 11:28 am IST

आज भारतीय जनता पार्टी 44वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी Image Source : PTI

आज भारतीय जनता पार्टी 44वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मां भारती की सेवा में समर्पित हरएक भाजपा कार्यकर्ता को बहुत बहुत बधाई देता हूं। भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने अपने खून पसीने से पार्टी को संवारा है, सशक्त किया है, देश को कोटि-कोटि जनों की आवाज को बुलंद किया है, उन सभी को मैं आज शीश झुकाकर के प्रणाम करता हूं। 

"आज भारत उस बजरंगबली की तरह..."

भाजपा के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान की जयंती मना रहे हैं। हनुमान जी का जीवन आज भी हमें भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हनुमान जी के पास असीम शक्ति है लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल तभी करते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त होता है। 2014 से पहले देश की स्थिति यही थी। आज भारत उस बजरंगबली की तरह अपने अंदर सुप्त शक्ति का आभास कर चुका है। आज भारत समंदर जैसी चुनौतियों का मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है।

"हनुमान जी से प्रेरणा लेकर काम करती है भाजपा"
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि जब लक्ष्मण जी पर संकट आया तब हनुमान जी पूरा पर्वत ही उठाकर ले आए। भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है, करते रहना है और करते रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीजेपी वह पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र सदैव सर्वेपरि रहा है। एक भारत, सर्वश्रेष्ठ भारत के मूलमंत्र के साथ हम आगे बढ़ते रहे हैं। आज भाजपा विकास, विश्वास का पर्याय है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ बीजेपी काम कर रही है। बीजेपी की नीति सर्वसमावेशी, सबका हित करनेवाली है।

"बादशाही मानसिकता वालों ने जनता को गुलाम माना"
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में लोगों ने पुनर्जागरण का शंखनाद कर दिया। राष्ट्र खोया हुआ गौरव पाने के लिए फिर से उठ खड़ा हुआ। अब दशकों से चली आ रही बुराईयां और चुनौतियां कमजोर पड़ती जा रही हैं। 1947 में अंग्रेज चले गए लेकिन जनता को गुलाम बनाए रखने की मानसिकता यहां के कुछ लोगों के जहन में छोड़ गए थे। ऐसा वर्ग खूब फला-फूला जो सत्ता को अपना जन्मजात हक समझता था। इन लोगों की बादशाही मानसिकता है जिसने जनता को हमेशा अपना गुलाम माना। 2014 में इस दबे कुचले वर्ग ने अपनी आवाज बुलंद की और बादशाही मानसिकता की आवाज को कुचल दिया।

"विरोधी कह रहे- मोदी तेरी कब्र खुदेगी"
प्रधानमंत्री ने अगे कहा कि आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है। उन्होंने कहा कि बादशाही मानसिकता वाले कभी सोच नहीं सकते थे कि दशकों-दशकों से हिंसा से जूझ रहे जम्मू कश्मीर और नॉर्थ ईस्ट में शांति का सूरज निकलेगा। उन्होंने कल्पना नहीं की थी कि धारा 370 इतिहास बन जाएगा। बीजेपी ये काम कैसे कर रही है ये इन्हें पच नहीं रहा है। इसलिए नफरत से भरे हुए ये लोग झूठ-पर झूठ बोलते जा रहे हैं। ये लोग हताश और निराश हो चुके हैं कि अब एक ही रास्ता दिख रहा है और वो खुल के कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। इस तरह की मानसिकता के लोगों को पता नहीं है कि देश की जनता बीजेपी के कमल को खिलाने के लिए ढाल बनकर खड़ी हुई है। 

"जनसंघ के पास ना सियासी अनुभव था, न साधन"
पीएम ने कहा कि अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे इन राजनीतिक दलों की साजिशें चलती रहती हैं लेकिन देशवासियों को सपनों को बिखरते और मुरझाते हुए नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा वो पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र सदा सर्वोपरि रहा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत जिसकी आस्था का मूलमंत्र रहा है। जब जनसंघ का जन्म हुआ था तो हमारे पास न ज्यादा सियासी अनुभव था, न साधन थे, न संसाधन थे लेकिन हमारे पास मातृभूमि के प्रति भक्ति और लोकतंत्र की शक्ति थी।

ये भी पढ़ें-

पथरी के ऑपरेशन में मरीज की गई जान, गाजियाबाद का अस्पताल हुआ सील

प्रैंक कॉल समझकर फोन काटा, नंबर भी किया ब्लॉक, 44 करोड़ की लॉटरी जीतने वाले की गजब किस्मत 
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत