Friday, February 20, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बीकानेर फायरिंग रेंज में चार्जर में हुए विस्फोट, दो सैनिकों की मौत, एक घायल

बीकानेर फायरिंग रेंज में चार्जर में हुए विस्फोट, दो सैनिकों की मौत, एक घायल

Edited By: Shailendra Tiwari @@Shailendra_jour Published : Dec 18, 2024 02:55 pm IST, Updated : Dec 18, 2024 04:17 pm IST

बीकानेर फायरिंग रेंज एक अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। यहा तोप अभ्यास के दौरान एक बम फट गया जिसमें 2 जवानों की मौत हो गई है।

बीकानेर में तोप अभ्यास के दौरान हादसा- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL बीकानेर में तोप अभ्यास के दौरान हादसा

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में महाजन फायरिंग रेंज में एक बड़ा हादसा हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीकानेर में महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को ट्रेनिंग एक्सर्साइज के दौरान टैंक में गोला-बारूद लोड करते समय हादसा होने से सेना के 2 जवानों की मौत हो गई। इस घटना में एक जवान के घायल होने की खबर भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि घायल जवान को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ ले जाया गया है, जबकि हादसे में जान गंवाने वाले जवानों के पार्थिव शरीर को सूरतगढ़ सैन्य स्टेशन ले जाया गया है। महाजन फायरिंग रेंज में 4 दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है।

'गोला-बारूद लोड करते वक्तर चार्जर में हुआ ब्लास्ट'

रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल अमिताभ शर्मा ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जब सैनिक टैंक में गोला-बारूद लोड कर रहे थे, तो चार्जर में विस्फोट हो गया। उन्होंने कहा, 'घटना में 2 जवानों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।' उन्होंने बताया कि विस्फोट की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। लूणकरणसर (बीकानेर) के सीओ नरेंद्र कुमार पूनिया ने बताया, '3 जवान टैंक के साथ अभ्यास कर रहे थे। इस दौरान, चार्जर में ब्लास्ट होने से 2 जवानों, आशुतोष मिश्रा और जितेंद्र की मौत हो गई। वहीं, घायल जवान को हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ ले जाया गया है।'

रविवार को हुई थी गनर चंद्र प्रकाश पटेल की मौत

सीओ पूनिया के मुताबिक, हादसे में अपनी जान गंवाने वाले जवानों के पार्थिव शरीर को सूरतगढ़ सैन्य स्टेशन ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि आशुतोष मिश्रा उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे, जबकि जितेंद्र राजस्थान के दौसा जिले के निवासी थे। बता दें कि महाजन फायरिंग रेंज में पिछले 4 दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले, रविवार को गनर चंद्र प्रकाश पटेल की एक हादसे में मौत हो गई थी। पटेल ट्रेनिंग के दौरान गन बैटरी में डिटेचमेंट कमांडर के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। वह तोप को टोइंग वाहन में जोड़ रहे थे कि इसी दौरान तोप पीछे की ओर आ गई और वह जख्मी हो गए। रक्षा प्रवक्ता ने बताया था कि जवान को तुरंत एंबुलेंस से फील्ड अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement