1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रास्ता भटक गई वंदे भारत ट्रेन? जाना था गोवा निकल गई कल्याण, वापस लाने में 90 मिनट हुई लेट; DRM ने बताया असली कारण

रास्ता भटक गई वंदे भारत ट्रेन? जाना था गोवा निकल गई कल्याण, वापस लाने में 90 मिनट हुई लेट; DRM ने बताया असली कारण

 Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 23, 2024 03:53 pm IST,  Updated : Dec 24, 2024 04:38 pm IST

महाराष्ट्र में एक अजीब मामला सामने आया है। दरअसल, यहां छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से चलकर गोवा के मडगांव स्टेशन तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन दूसरे रूट पर चली गई। बाद में ट्रेन को वापस लाया गया, जहां से उसे सही रूट की ओर रवाना किया गया।

दिवा स्टेशन से दूसरे रूट पर निकल गई वंदे भारत ट्रेन।- India TV Hindi
दिवा स्टेशन से दूसरे रूट पर निकल गई वंदे भारत ट्रेन। Image Source : PTI/FILE

मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (CSMT)-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई। दरअसल, यह ट्रेन मडगांव जा रही थी, लेकिन महाराष्ट्र के ठाणे जिले के दीवा स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण वह दूसरे रास्ते पर चली गई। दूसरे रास्ते पर जाने की वजह से गोवा की यात्रा में 90 मिनट की देरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि कोंकण जाने वाली ट्रेनों द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाला दिवा-पनवेल रेलवे मार्ग पर पनवेल स्टेशन की ओर बढ़ने के बजाय एक्सप्रेस ट्रेन सुबह छह बजकर 10 मिनट पर कल्याण की ओर मुड़ गई। इस घटना के कारण मध्य रेलवे पर मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी हुई। 

दूसरे रास्ते पर निकल गई वंदे भारत ट्रेन

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि यह घटना दिवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन के बीच बिंदु संख्या 103 पर सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में गड़बड़ी के कारण हुई। दिवा जंक्शन से कोंकण की ओर जाने वाली ट्रेनें नियमित मार्ग पर पनवेल स्टेशन जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई, जिसके बाद वह कल्याण स्टेशन पहुंच गई। इसके बाद वह दिवा जंक्शन पर वापस लौटी और फिर ट्रेन ने दिवा-पनवेल मार्ग पर मडगांव के लिए अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू की। स्वप्निल नीला ने बताया कि ट्रेन को सुबह छह बजकर 10 मिनट से पौने सात बजे तक लगभग 35 मिनट के लिए दिवा जंक्शन पर रोका गया, उसके बाद रेल कल्याण की ओर रवाना हुई। 

ट्रेन को वापस दिवा स्टेशन लाया गया

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया, “ट्रेन पांचवीं लाइन से होते हुए लगभग सात बजकर चार मिनट पर कल्याण स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंची। इसे सात बजकर 13 मिनट पर छठी लाइन से होते हुए दिवा स्टेशन पर वापस लाया गया।” जून 2023 में शुरू की गई सीएसएमटी-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर रवाना होती है और उसी दिन दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर गोवा के मडगांव पहुंचती है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मुंबई उपनगरीय स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली पर ऐसी घटनाएं बहुत कम होती हैं।

DRM ने क्या कहा?

डीआरएम मुंबई सेंट्रल रेलवे ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, 'रास्ते में दिक्कत आने के कारण ट्रेन का मार्ग बदला गया। ट्रेन अपने निर्धारित स्टेशन यानी छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से शुरू हुई थी और पूर्व निर्धारित स्टेशन यानी मडगांव पर पहुंची थी।' (इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें- 

VIDEO: नोटों का पहाड़, सोने चांदी की ईंटें मिलीं, ED करेगी धनकुबेर कांस्टेबल की संपत्ति की जांच

बर्खास्त ट्रेनी IAS पूजा खेडकर को झटका, दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत