भारत के कई हिस्सों में मानसून एक्टिव है और बारिश का दौर जारी है। सामान्य तौर पर लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल रही है, लेकिन कुछ पहाड़ी इलाकों में बादल फटने से तबाही भी देखी जा रही है। मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) भी चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। वहीं, 7 जुलाई को हुई बारिश से कुछ इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई थी। 9 और 10 जुलाई को भी हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों जैसे- ललितपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बिजनौर, रामपुर, पीलीभीत और मुरादाबाद में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। आगरा, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, जालौन, झांसी और महोबा सहित अन्य जिलों के लिए बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश में 8 से 13 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 8 से 10 जुलाई तक बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी आज बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8, 9, 12 और 13 जुलाई को बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है और स्थानीय मौसम कार्यालय ने 10 जुलाई तक प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

संपादक की पसंद